24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आखिरी बार ट्विशा का चेहरा देखने भी नहीं पहुंचीं सास गिरिबाला, मुखाग्नि देते वक्त कांपे भाई के हाथ

Twisha Sharma funeral: भोपाल के भदभदा घाट पर हुआ ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार, बेटी का चेहरा देख रो पड़ा पूरा परिवार, भाई हर्षित ने नम आंखों से दी मुखाग्नि।

2 min read
Google source verification
twisha sharma funeral

twisha sharma funeral

Twisha Sharma cremation: भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाली ट्विशा शर्मा सवालों और सस्पेंस को पीछे छोड़ आखिरकार पंचतत्व में विलीन हो गई। भोपाल के भदभदा घाट पर रविवार शाम को ट्विशा का अंतिम संस्कार हुआ। ट्विशा के परिवारवालों ने बेटी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। भाई हर्षित शर्मा ने ट्विशा की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी और हमेशा हमेशा के लिए ट्विशा इस दुनिया से अलविदा हो गई, लेकिन आखिरी बार ट्विशा का चेहरा देखने के लिए सास गिरिबाला सिंह श्मशान घाट नहीं पहुंची, तो वहीं पति समर्थ सिंह भी अनुमति न मिलने के कारण ट्विशा के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाया।

देखें वीडियो-

बेसुध हुई मां, पिता और भाई ने नम आंखों से दी विदाई

ट्विशा शर्मा के अंतिम संस्कार के वक्त हर किसी की आंख नम थी। पिता नवनिधि शर्मा बेटी ट्विशा शर्मा का शव देख खुद को रोक नहीं पाए और उनके आंसू छलक पड़े। मां रेखा शर्मा ट्विशा के शव को देख बेसुध हो गईं जिन्हें रिश्तेदार संभालते रहे। वो बेटी को याद कर जोर-जोर से रोने लगीं। भाई हर्षित शर्मा ने कांपते हाथों से बहन ट्विशा की चिता को मुखाग्नि दी।

दोबारा हुआ ट्विशा के शव का पोस्टमार्टम

इससे पहले रविवार को दिल्ली से आई स्पेशल टीम ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। करीब तीन घंटे तक भोपाल के एम्स में ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम चला और पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा का शव परिजनों को सौंपा गया। यहां ये भी बता दें कि ट्विशा शर्मा का पति समर्थ सिंह सात दिन की पुलिस रिमांड पर है और उसे ट्विशा के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली, जिसके कारण वो ट्विशा के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाया।

सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला

ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: ट्विशा शर्मा के केस पर संज्ञान लिया है। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले पर सुनवाई करने का फैसला किया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ में ट्विशा शर्मा केस की सुनवाई 25 मई (सोमवार) को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले को 'एक युवती की ससुराल में अप्राकृतिक मौत के मामले में कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियागत विसंगतियां' शीर्षक के तहत लिस्ट किया है।

12 मई को हुई थी मौत

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।