28 दिसंबर 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पार्टी में सबसे अलग दिखना है तो अपने फैशन में जरूर एड करे कस्टमाइज ‘गजरा’, जानिए कैसे

पार्टी में सबसे अलग दिखना है तो अपने फैशन में जरूर एड करे कस्टमाइज 'गजरा', जानिए कैसे

2 min read
Google source verification
Gajra

Gajra

भोपाल। भारतीय शृंगार में गजरे का महत्त्व है। इसकी भीनी खुशबू न केवल महकाती है, बल्कि लुक में भी चार चांद लगाती है। एक समय तक दक्षिण भारत में बालों में गजरा लगाने का चलन था लेकिन अब लगभग हर क्षेत्र की महिलाएं इसे पसंद करने लगी हैं। ब्यूटीशियन रचना बजाज बताती है कि जरूरी नहीं कि लंबे बालों में ही इन्हें लगाया जाए। छोटे से लेकर मध्यम आकार तक के बालों में भी इन्हें सजाया जा सकता है। लो बन से लेकर मैसी बन तक में आप गजरे को लगा सकती हैं। शादियों के मौके पर गजरा काफी खूबसूरत लगता है। जानते हैं इसे लगाने के हेयरस्टाइल के बारे में...

फ्लॉवर क्लिप से सजाएं चोटी या बाल

अगर आप किसी खास मौके की बजाय सामान्य पार्टी के लिए तैयार होने जा रही हैं और कुछ हटकर करना चाहती हैं तो गजरे को बालों में सजाएं। एक सामान्य चोटी बना लें और फिर रबर बैंड के आस-पास गजरे को लगाएं। आपका लुक डिफरेंट दिखेगा। बालों में गजरा लपेटना नहीं चाहती हैं तो यू पिन की मदद से केवल लटका भी सकती हैं गजरे की लडिय़ों को।

कस्टमाइज कराएं गजरा

जरूरी नहीं है कि गजरा केवल सफेद रंग में ही खरीदा जाए। मार्केट में कई रंगों में गजरे उपलब्ध हैं। आप चाहें तो अलग-अलग रंगों के कॉम्बिनेशन में मिक्स करके गजरे को तैयार कर सकती हैं। शादी के लिए गजरे को खरीद रही हैं तो अपने लहंगे के रंग से मैच करता हुआ गजरा लाएं। जहां तक हो सके, गजरा पार्टी या शादी वाले दिन ही खरीदना चाहिए।
द व्हाइट सन

इस तरह के हेयर स्टाइल में गजरा जूड़े के आस-पास गोल आकार में बंधा रहता है। यह हेयरस्टाइल कभी आउट ऑफ फैशन नहीं होता। इसलिए इसे गल्र्स काफी पसंद करती हैं। ध्यान रहे कि इस हेयर स्टाइल में गजरे को इस तरह से लगाया जाए कि आस-पास से किसी भी तरह की कोई पिन न दिखने पाए और इसमें गजरे को लेयर में लपेटा जाए, न कि एक के ऊपर एक करके।

हाफ मून गजरा लुक

ये हेयरस्टाइल साउथ इंडिया में ज्यादा फॉलो किया जाता है। इसमें बालों को खुला रखकर या बांधकर भी गजरे की मदद से आधा चंद्राकार बनाया जा सकता है। इसमें गजरे की आमतौर पर दो से ज्यादा लेयर लगाई जाती हैं। अगर आपके बाल लंबे हैं और बालों में चोटी बनाना पसंद करती हैं तो चोटी में लपेटते हुए गजरे को लगाया जा सकता है। यह हेयरस्टाइल काफी अच्छा लगता है और आपके बालों की खूबसूरती को उभारने का काम करता है।

ऑन द साइड व गजरा वेब

ऑन द साइड हेयरस्टाइल में गजरे को दाएं या बाएं कंधे की ओर निकाला जाता है। शादी के मौके पर दुल्हन की बहनें या भाभियां ये हेयरस्टाइल फॉलो कर सकती हैं। इस स्टाइल की खासियत है कि इसमें आप बालों को खुला रख सकती हैं। इसके अलावा एक नया पैटर्न है गजरा वेब। जिसमें गजरे को जूड़े पर जाली की तरह लगाया जाता है। बालों को छिपाने का यह एक अच्छा तरीका है।