
भोपाल. मध्यप्रदेश में शराबबंदी को लेकर लगातार मांग कर रहीं पूर्व सीएम और बीजेपी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती अब मैदान में उतर आई हैं। रविवार को उमा भारती ने भोपाल में एक शराब दुकान पर तोड़फोड़ की जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उमा भारती अपने समर्थकों और गार्ड्स के साथ शराब दुकान पर पहुंची और दुकान में घुसकर पत्थर मारा।
उमा भारती ने की शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़
मध्यप्रदेश में शराबबंदी की मांग करने वाली उमा भारती अब मैदान में उतर आई हैं। रविवार को उमा भारती बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ शहर के भेल इलाके स्थित शराब दुकान पर पहुंची और दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। उमा भारती जैसे ही दुकान के अंदर पहुंची तभी उन्होंने एक बड़ा पत्थर शराब दुकान के शो केस में मारा। उमा भारती के दुकान में तोड़फोड़ करने का वीडियो मौके पर मौजूद किसी शख्स ने अपने मोबाइल में कैद किया है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लंबे समय से कर रही हैं शराब बंदी की मांग
उमा भारती बीते लंबे समय से शराब बंदी की मांग कर रही हैं वो प्रदेश में शराब बंदी को लेकर पहले कई बार अपनी ही सरकार के खिलाफ भी बोल चुकी हैं। एक दिन पहले शुक्रवार को भी उन्होंने शराबबंदी की मांग तेज करते हुए मीडिया से बातचीत में कहा था कि उन्होंने भोपाल के गुनगा इलाके से शराबबंदी के अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा था कि नशाबंदी के लिए समाज और शराबबंदी के लिए सरकार को अगुवाई करना पड़ेगी। क्योंकि शराब दुकानें तो सरकार की नीति से खुलती हैं। गौरतलब है कि गुनगा में एक शराब दुकान के सामने उमा भारती खड़ी हो गई थीं, तो पूरा गांव उनके साथ खड़ा हो गया।
देखें वीडियो-
Published on:
13 Mar 2022 07:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
