- 14 को खोली जाएगी लॉटरी- 15 दिन में 1.60 लाख आवेदन, जिलों में 60% ही सत्यापन
भोपाल। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत राज्य के 27 हजार निजी स्कूलों की 2 लाख सीटों पर ऑनलाइन आवेदन की तारीख अंतिम दिन 30 जून (गुरुवार) को बढ़ानी पड़ी। अब 5 जुलाई तक आवेदन होंगे। लॉटरी खोलने की नई तारीख 14 जुलाई है। ये स्थिति तब है जब पहले से प्रक्रिया दो माह पीछे चल रही है।
जिलों में अभिभावकों ने जिस तेजी से नौनिहालों के लिए आवेदन किए, उस हिसाब से दस्तावेजों के सत्यापन न होने पर राज्य शिक्षा केंद्र (आरएसके) के अफसरों ने यह तब्दीली की। 15 दिन में 1.60 लाख से अधिक आवेदन आए, लेकिन 95,301 यानी 60% का ही सत्यापन हो सका। इधर, स्कूल शिक्षा विभाग ने आरटीई के तहत दो साल (सत्र 2020-21 व 2021-22) के लिए फीस प्रतिपूर्ति का प्रस्ताव बनाने की तारीख बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी है।
आरएसके ने मैपआइटी को लिखा पत्र
आरएसके में आरटीई शाखा के नियंत्रक डॉ. रमाशंकर तिवारी को कई जिलों से शिकायतें मिल रही हैं, पोर्टल और ऐप पर आवेदन के दौरान वार्ड, ग्राम, पड़ोसी प्राथमिकता वाले स्कूलों की सूची नहीं मिल रही है। बीआरसी के जरिए भी समस्या खत्म नहीं हुई। मैपआइटी भी उस स्तर पर काम नहीं कर पा रहा है। आरएसके संचालक धनराजू एस. ने बताया, निकाय निर्वाचन में सरकारी सेवकों की ड्यूटी और दस्तावेजों सत्यापन न होने पर समय बढ़ाया है।
ये दो कारण
: माता-पिता ने जितनी तेजी से आवेदन किए, उस तेजी से नहीं हुआ दस्तावेजों का सत्यापन
: कई जिलों में पोर्टल और ऐप पर आवेदन में नहीं मिल रही थी वार्ड, ग्राम और पड़ोसी प्राथमिकता वाले स्कूलों की सूची
ये आपके लिए जानना जरूरी है...
: पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन और त्रुटि सुधार 5 जुलाई तक।
: पहले यह तिथि 30 जून तक निर्धारित थी।
: सत्यापन केंद्र में 9 जुलाई तक सत्यापन होंगे।
: 14 जुलाई को रेंडमली ऑनलाइन लॉटरी से स्कूलों का आवंटन होगा।
: स्कूल आवंटन के बाद विद्यार्थियों को 23 जुलाई तक एडमिशन मिलेगा।
Must read-