
उत्तर प्रदेश के नागरिक सुरक्षा मंत्री और क्षत्रियों में दमदार पकड़ रखने वाले रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने कहा कि यदि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह उत्तरप्रदेश चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कमान संभालते हैं तब भी वे उनके सारथी नहीं बनेगें हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि सिंह से उनके वर्षो से पारिवारिक संबंध हैं। राजा भैया ने रविवार को बातचीत में यह जानकारी दी।
राजनाथ सिंह को आगामी उत्तरप्रदेश (यूपी) विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का चेहरा और मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने की अटकलों से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सिंह उनके रिश्तेदार हैं, लेकिन वे सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव (नेता जी) का साथ कभी नही छोड़ेगे।
एक अन्य सवाल के जवाब में राजा भैया ने कहा की हाल ही में मथुरा की घटना इंटेलीजेंस फेल्यूअर का परिणाम थी। उन्होंने इस घटना की न्यायिक जांच जारी होने का हवाला देते हुए कहा जांच रिपोर्ट आ जाने दीजिये दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। साथ ही उन्होंने कैराना मामले को राजनैतिक आरोप बताते हुए मीडिया से ही इसकी निष्पक्ष जांच का आग्रह किया।

Published on:
12 Jun 2016 09:26 pm
