22 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जो जात का नहीं, वो राष्ट्र का नहीं: कालवी

सपाक्स ने किया शक्ति प्रदर्शन : करणी सेना ने की बराबर की भागीदारी

2 min read
Google source verification
mp election 2018

mp election 2018

भोपाल. सपाक्स समाज ने राजनीतिक पार्टी के तौर पर रविवार को पहला शक्ति प्रदर्शन किया। इसमें सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩे का ऐलान भी किया। कार्यक्रम में करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी ने कहा- मुझसे दिल्ली में अकसर कहा जाता है कि जात की नहीं राष्ट्र की बात करो। मैं उनसे कहता हूं- जो जात का नहीं, वो राष्ट्र का नहीं।

वोट की चोट सबसे असरदार
कालवी ने कहा- चोट तीन तरह की होती है। नोट, सोच और वोट। भाजपा-कांग्रेस के पास ढेर सारे नोट हैं, इसलिए ये चोट इन्हें असर नहीं करती। सोच की चोट के असर में समय लगेगा। दोनों पार्टियों को वोट की चोट देने का समय आ गया है। कावली ने कहा- हम भिंड, मुरैना और ग्वालियर में एक बार फिर जलजला पैदा करेंगे। भाजपा में भी एक माई का लाल है, मोहन भागवत। वो कहते हैं कि आरक्षण के रिव्यू की जरूरत है।

अब प्रदेश को जाम कर देंगे
करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामणि ने कहा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झूठ बोलते हैं। धारा 370 हटाने का वादा किया, पर 377 हटा दी। अब जो हमारी बात नहीं करेगा, वो कहीं राज नहीं करेगा। हम उज्जैन और भोपाल में लाखों की तादात में जुटे। हम अब जुटेंगे तो प्रदेश को जाम कर देंगे। सीएम शिवराज देख लें हम माई के लाल हैं।

हम किसी नेता-जाति-धर्म के खिलाफ नहीं
सपाक्स के संरक्षक हीरालाल त्रिवेदी ने कहा- हम किसी जाति, धर्म, नेता या पार्टी के खिलाफ नहीं हंै। हम समाज में भेदभाव के खिलाफ हैं। इस सरकार ने जन्म से मृत्यु तक आरक्षण कर दिया। डिलीवरी से श्मशान तक सहायता आरक्षित को ज्यादा और अनारक्षित को कम। ये कैसे हो सकता है? आरक्षण आर्थिक आधार पर देना चाहिए। प्रधानमंत्री 56 इंच का सीना बताते हैं, लेकिन इसमें से पांच निकल गया है। त्रिवेदी ने कहा - सपाक्स दो अक्टूबर से राजनीतिक पार्टी के तौर पर काम करना शुरू करेगा। सपाक्स सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। जब तक संसद-विधानसभा में हमारे प्रतिनिधि नहीं होंगे, यह आंदोलन नहीं रुकेगा।

सपाक्स का खौफ जरूरी
सपाक्स युवा संगठन के प्रांताध्यक्ष अभिषेक सोनी ने कहा- काले झंडे दिखाते रहेंगे। भाजपा-कांग्रेस में सपाक्स का खौफ होना चाहिए। सरकार हमारी ही बनेगी।

दलित वर्ग के पूर्व विधायक सपाक्स में
त्रिवेदी ने दलित वर्ग के पूर्व विधायक धीरेंद्र सिंह धीरू का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि हर वर्ग हमारे साथ है। धीरू ने कहा- मुझे हर वर्ग का सपोर्ट है, तभी 1990 में विधायक बना था। कार्यक्रम में विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव भगवानदास इसरानी भी नजर आए। साथ ही कई सरकारी अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे।