
भोपाल. धर्मा प्रोडक्शन की एक्शन फिल्म श्रृंखला की पहली फिल्म 'योद्धा' की शूटिंग के लिए अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा रविवार रात भोपाल पहुंचे। करण जौहर की प्रोडक्शन कंपनी के बैनर तले बन रही इस फिल्म की भोपाल और सीहोर में शूटिंग होगी। सोमवार से अगले दो दिन तक राजाभोज एयरपोर्ट पर शूटिंग होगी। फिल्म का निर्देशन पुष्कर ओझा और सागर आंगब्रे कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इस फिल्म की शूटिंग 27 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इसे 11 नवंबर को रिलीज किया जाना प्रस्तावित है। फिल्म में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के साथ राशि खन्ना भी हैं जो जल्द ही भोपाल पहुंचेगी। अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा रविवार को मुंबई से इंडिगो फ्लाइट से भोपाल पहुंचे थे। और अब भोपाल में ही 3 दिन तक रुकेंगे। सिद्धार्थ मल्होत्रा भोपाल में वे होटल ताज लेक फ्रंट नाइट में स्टे करेंगे। इस फिल्म की शूटिंग कोलार डैम और भोपाल एयरपोर्ट पर होनी है।
इससे पहले सारा अली खान और विक्की कौशल की अपकमिंग फिल्म लुकाछिपी -2 की शूटिंग भी इंदौर उज्जैन में चल रही थी। अब फिल्मी सितारे मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों पर झूमते गाते और अभिनय प्रस्तुत करते नजर आएंगे, इस फिल्म में देशवासियों को मध्यप्रदेश की खूबसुरती और आकर्षक नजारे भी नजर आएंगे, क्योंकि फिल्म की शूटिंग इंदौर की गलियों से लेकर राजबाड़ा और मांडू के महलों में हुई है।
फिल्म लुकाछिपी-2 की शूटिंग के दौरान बालीवुड अभिनेत्री सारा अली खान और विक्की कौशल ने शूटिंग के साथ ही मध्यप्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी किया, उन्होंने इंदौर, उज्जैन के साथ मांडू और महेश्वर पहुंचकर प्रकृति और पर्यावरण का लुत्फ लेते हुए जमकर सैर सपाटा किया, उन्होंने बाबा महाकाल और औंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग के दर्शन भी किए, इसी के साथ महलों और राजबाड़ा के साथ यहां के व्यंजनों का भी जमकर लुत्फ लिया। इस दौरान बीच बीच में अभिनेत्री और विक्की कौशल की पत्नी कैटरीना कैफ भी मध्यप्रदेश आती रही। अब एक दो दिन की शूटिंग के बाद कलाकार पूरी टीम के साथ लौट जाएंगे। लेकिन वे अपने साथ एमपी की बेहतरीन यादों को लेकर जाएंगे।
Published on:
31 Jan 2022 01:39 pm

