
(पत्रिका ब्यूरो,भुवनेश्वर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगला लोकसभा चुनाव पुरी से लड़ सकते हैं। इसके लिए संगठन उन्हें तैयार कर रहा है। बीजेपी की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष बसंत पंडा ने केंद्रीय संसदीय बोर्ड को मोदी के पुरी से लड़ाने संबंधी प्रस्ताव भेजा है। पंडा ने कहा कि राज्य इकाई चाहती है कि मोदी ओडिशा के ही किसी क्षेत्र से अगला चुनाव लड़ें। ओडिशा में अमित शाह का मिशन 120+ मोदी के ओडिशा से चुनाव लड़ने पर आसानी से हासिल किया जा सकता है। ओडिशा में मोदी इम्पैक्ट न केवल ओडिशा बल्कि सीमावर्ती राज्यों में भी प्रभाव डाल सकता है। पंडा कहते हैं कि समय-समय पर उक्त आग्रह किया जा चुका है।
चुनावी सर्वे ने किया बैचेन
एक चुनावी सर्वे के मुताबिक ओडिशा में लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 13 सीट मिलने की संभावना के बाद बीजेपी की राज्य इकाई में हलचल है। सर्वे में यह भी कहा गया है कि बीजेडी और कांग्रेस को क्रमशः 6 व 2 सीटें मिल सकती हैं। राज्य में कुल 21 लोकसभा सीटें हैं। सर्वे में विस चुनाव में भी सीटें बढ़ने की बात कही गई है। बीते साल अप्रैल 2017 में भुवनेश्वर में हुई बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में भी राज्य इकाई ने सीधे प्रधानमंत्री से पुरी सीट से चुनाव लड़ने का आग्रह किया था। इस मोदी मुस्करा दिए थे।
सब सोचने को मजबूर,पुरी से चुनाव क्यों लड़ रहे हैं मोदी
जानकार बताते हैं कि मोदी के ओडिशा से लड़ने पर विचार भी किया जा रहा है। अभी वह शैव क्षेत्र वाराणसी से लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अब वैष्णव क्षेत्र यानी पुरी की ओर रुख कर सकते हैं। पुरी से लड़ने के पीछे एक वजह हो सकती है हिंदुत्व का एजेंडा। राज्य में लोकसभा और विधान सभा चुनाव एक साथ होने वाले हैं। सत्तादल बीजेडी ने ऐलानिया कह दिया है कि वह कभी भी चुनाव में जाने को तैयार है। बीजेडी महाप्रभु जगन्नाथ के नाम पर वोट मांग सकती है। मोदी दो सीटों से लड़ेंगे। भरोसेमंद सूत्र बताते हैं कि मोदी जीतने पर एक सीट छोड़ेंगे जिसमें पुरी नहीं होगी। राजनीतिक क्षेत्रों में हलचल है कि मोदी पुरी से क्यों लड़ना चाहते हैं। जबकि पुरी से बीजेपी कभी भी नहीं जीती।
कुछ ऐसी हैं ओडिशा में बीजेपी की पकड़
यहां से बीजेडी सांसद पिनाकी मिश्र काफी लोकप्रिय हैं। मिश्रा 1996 में यहां से जीत चुके हैं। 2014 में तो उन्हें 50 प्रतिशत वोट मिला था। कांग्रेस दूसरे और बीजेपी 20 प्रतिशत वोट पाकर तीसरे नंबर पर थी। फिलहाल पुरी की चिलिका विधानसभा सीट पर बीजेपी का प्रत्याशी सिर्फ 541 वोटों से जीती थी। क्षेत्र के लोकप्रिय नेता लालटेंदु महापात्र उर्फ लूलू महापात्र का परिवार बीजेपी के साथ है। यह क्षेत्र उनके प्रभाव वाला कहा जाता है। लूलू महापात्र की मृत्यु हो चुकी है। बीजेडी के पास 147 विधानसभा सीटों में 118 सीटें हैं। बीजेपी इस क्षेत्र में वोट का प्रतिशत लगातार बढ़ा है। राज्य इकाई के एक बड़े नेता बताते हैं कि पुरी लोकसभा सीट और यहां की सातों विधानसभा सीटों पर राजनीतिक कैलकुलेशन केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जा चुका है।
Published on:
06 Oct 2018 02:03 pm

बड़ी खबरें
View Allभुवनेश्वर
ओडिशा
ट्रेंडिंग
