
File Photo: Patrika
Groom threat letter wedding Bijnor: यूपी के बिजनौर के ढेला अहीर गांव में एक शादी से पहले हड़कंप मच गया, जब दूल्हे के घर के बाहर एक धमकी भरा पत्र मिला। इस पत्र में बेहद खतरनाक शब्द लिखे थे- “बरात लेकर आए तो वापस दूल्हे की लाश जाएगी”। इस धमकी ने परिवार को अंदर तक हिला दिया और घर में दहशत का माहौल बन गया। दूल्हे के पिता नरेश कुमार ने तुरंत पुलिस से शिकायत की।
नरेश कुमार के पुत्र भोलू कुमार की शादी रुड़की निवासी युवती से तय हुई थी। बरात रवाना होने से कुछ घंटे पहले ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर के दरवाजे पर यह चौंकाने वाला पत्र डाल दिया। जैसे ही परिवार के लोगों ने पत्र पढ़ा, सभी में डर फैल गया। चिंता इस बात की भी थी कि कहीं शादी समारोह में कोई अप्रिय घटना न घट जाए।
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दो पुलिसकर्मियों को गांव में तैनात किया गया ताकि बरात बिना किसी खतरे के रवाना हो सके। बुधवार को भोलू की बरात पुलिस की निगरानी में निकली, लेकिन परिवार का डर कम नहीं हुआ।
एसओ विकास कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उस शख्स की तलाश जारी है जिसने यह धमकी भरा पत्र डाला। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा होगा।
Updated on:
11 Dec 2025 06:20 pm
Published on:
11 Dec 2025 06:20 pm
