21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कश्मीर में नाबालिग का धर्म परिवर्तन मामला: बिजनौर पुलिस किशोर और आरोपी को लेकर लौटी, जानें पूरा मामला

Bijnor News: यूपी के बिजनौर में नाबालिग किशोर को कश्मीर ले जाकर कथित धर्म परिवर्तन कराने के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने आरोपी वसीम को हिरासत में लेकर किशोर को कुपवाड़ा से सकुशल बरामद कर लिया और दोनों को बिजनौर लाया गया है।

2 min read
Google source verification
bijnor kashmir conversion case minor

कश्मीर में नाबालिग का धर्म परिवर्तन मामला

Kashmir Conversion Case: बिजनौर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र से जुड़े धर्म परिवर्तन के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा से नाबालिग किशोर और आरोपी वसीम को लेकर बिजनौर लौट आई है। मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है और किशोर से लगातार पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह मामला केवल धर्म परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें बहला-फुसलाकर दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रभावित करने जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

सैलून पर काम कराने के बहाने कश्मीर ले जाया गया

जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के खानजहांपुर बहादरपुर गढ़ी निवासी कृष्ण कुमार का नाबालिग बेटा विशाल कुमार करीब तीन साल पहले गांव काजीवाला निवासी वसीम पुत्र लियाकत के संपर्क में आया था। आरोप है कि वसीम विशाल को अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गया, जहां वह कुपवाड़ा में उसके सैलून पर काम करने लगा। परिजनों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें लगा कि उनका बेटा रोजगार के लिए गया है, लेकिन बाद में धीरे-धीरे संपर्क कम होने लगा।

धर्म परिवर्तन के बाद बदल दिया गया नाम

परिवार का आरोप है कि कश्मीर में रहते हुए विशाल पर लगातार दबाव बनाया गया और उसे धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक रूप से प्रभावित किया गया। कुछ दिन पहले विशाल ने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि उसने इस्लाम धर्म कबूल कर लिया है और अब उसका नया नाम हमजा रखा गया है। इस सूचना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं थी और अचानक आए इस फोन कॉल ने उन्हें झकझोर कर रख दिया।

वीडियो और कबूलनामे ने बढ़ाई चिंता

बताया गया कि 15 मई को विशाल ने किसी दूसरे मोबाइल नंबर से अपने पिता के फोन पर वीडियो, फोटो, कबूलनामा और धर्म परिवर्तन से जुड़े अन्य दस्तावेज भेजे थे। इन दस्तावेजों में धर्म परिवर्तन से संबंधित बातें सामने आने के बाद परिवार ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भी यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया। परिवार ने आरोप लगाया कि उनका बेटा दबाव और प्रभाव में आकर यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुई रिपोर्ट

किशोर के पिता कृष्ण कुमार की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। सोमवार को बिजनौर पुलिस की टीम जम्मू-कश्मीर रवाना हुई, जहां कुपवाड़ा इलाके में कार्रवाई करते हुए किशोर को बरामद किया गया और आरोपी वसीम को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने स्थानीय प्रशासन और कश्मीर पुलिस के सहयोग से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

देर रात बिजनौर पहुंची पुलिस टीम

बुधवार देर शाम पुलिस टीम किशोर और आरोपी को लेकर बिजनौर पहुंची। फिलहाल पुलिस दोनों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। माना जा रहा है कि पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि धर्म परिवर्तन किन परिस्थितियों में कराया गया और इसमें अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।