
education
निखिल स्वामी.बीकानेर. जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पांचवीं तक बच्चे गणित व पर्यावरण एवं आठवीं के बच्चे गणित व सामाजिक विज्ञान में कमजोर हैं। यह खुलासा एनसीईआरटी दिल्ली की ओर से 13 नवंबर, 2017 को शैक्षणिक गुणवत्ता के आकलन के लिए देशभर में किए गए नेशनल एचीवमेंट सर्वे में हुआ।
एनसीईआरटी ने कक्षावार निर्धारित लर्निंग आउटकम के आधार पर विद्यार्थियों का आकलन किया और राज्यवार रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया। सर्वे के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों के 5588 विद्यालयों का चयन किया गया। वहीं बीकानेर जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के 172 स्कूलों का सर्वे किया गया था।
इसमें 3398 बच्चों की परीक्षा ली गई। इसमें पाया गया कि कक्षा पांचवीं के विद्यार्थी गणित, भाषा, पर्यावरण अध्ययन, हिन्दी और तीसरी कक्षा के विद्यार्थी भाषा, पर्यावरण अध्ययन में कमजोर थे। इसी तरह कक्षा आठ विद्यार्थी गणित, विज्ञान, सामाजिक अध्ययन, संस्कृत में कमजोर पाए गए।
विषयवार विद्यार्थियों का परिणाम
कक्षा आठवीं में भाषा में ६१.९३ प्रतिशत, सामाजिक विज्ञान में ५९.४३, विज्ञान में ५७.४३ व गणित में ५१.५१ प्रतिशत परिणाम रहा। वहीं कक्षा पांचवीं में भाषा में ६७.८३, ईवीएस में ६६.७९, गणित में ६२.२० प्रतिशत, कक्षा तीसरी में भाषा में ७५, ईवीएस में ७३.४४ व गणित में ७१.१८ प्रतिशत सर्वे में परीक्षा परिणाम रहा।
इस साल हुए सर्वे की रिपोर्ट भेजी
एनसीईआरटी ने जिले में साल २०१९ में भी नेशनल एचीवमेंट सर्वे किया है। इसकी रिपोर्ट उदयपुर भेजी गई है।
बीकानेर का यह रहा स्थान
सर्वे में कक्षा तीन के विद्यार्थियों के परिणाम में बीकानेर जिला ७३ अंकों के साथ १८वें स्थान पर रहा। कक्षा पांच में ६६ अंकों के साथ २३वें स्थान पर रहा। वहीं कक्षा आठ में ५८ अंकों के साथ २४वें स्थान पर रहा।
अध्यापकों को देंगे प्रशिक्षण
जिन विषयों में जिले के बच्चे कमजोर हैं, उन विषयों के नए अध्यापकों को प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। इसमें सेवानिवृत्त शिक्षक व नए शिक्षक चर्चा करेंगे। नए सत्र से इन विषयों पर ध्यान दिया जाएगा और परिणाम में
सुधार होगा।
दयाशंकर अरडावतिया, प्राचार्य, डाइट बीकानेर
जिले में कक्षावार सर्वे में शामिल विद्यार्थी
कक्षा आठ
ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल : ११२६ विद्यार्थी
शहरी क्षेत्र के स्कूल : १५७ विद्यार्थी
(इनमें ५४६ छात्र व ७३७ छात्राएं)
कक्षा पांच
ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल : ९६३ विद्यार्थी
शहरी क्षेत्र के स्कूल : ६६ विद्यार्थी
(इनमें ४८१ छात्र व ५४८ छात्राएं)
कक्षा तीन
ग्रामीण क्षेत्र : ९६७ विद्यार्थी
शहरी क्षेत्र : ११९ विद्यार्थी
(इनमें ४६४ छात्र व ६२२ छात्राएं)
Published on:
11 Mar 2019 12:21 pm
