
बीकानेर के नोखा क्षेत्र में चार हादसों में पांच की मौत
नोखा.नोखा क्षेत्र में मंगल को अमंगल हुआ। मंगलवार को हुए चार अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सोमलसर के पास ट्रैक्टर व बाइक की टक्कर में मां-बेटे की मौत हो गई। वहीं कुचोर व उतमामदेसर की बीच निजी बस की टक्कर लगने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। हरिद्वार कालका एक्सप्रेस में परिवार सहित जोधपुर जा रहे एक व्यक्ति की हार्टअटैक से मौत हो गई। इसके अलावा नोखा में ट्रेन के आगे आने से एक युवक की मौत हो गई। मंगलवार को हादसों को लेकर दिनभर चर्चा रही।
ट्रैक्टर ने मारी बाइक को टक्कर, मां-बेटे की मौत
सोमलसर गांव के पास मंगलवार दोपहर एक ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार मां-बेटे की मौत हो गई। जानकारी अनुसार अणखीसर निवासी मोटाराम जाट की पत्नी मांगीदेवी और बेटा परमाराम जाट बाइक पर होकर जा रहे थे। अचानक सामने से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में मांगीदेवी की मौके पर मौत हो गई और परमाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल परमाराम का नोखा के बागड़ी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे बीकानेर रेफर कर दिया। शाम को इलाज के दौरान परमाराम जाट ने भी दम तोड़ दिया।
निजी बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत
जसरासर क्षेत्र में कुचोर व उतमामदेसर के बीच मंगलवार को निजी बस की टक्कर लगने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जसरासर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार लालमदेसर निवासी आसाराम जाट बाइक पर सवार होकर जा रहा था। कुचोर-उतमामदेसर रोड़ पर सामने से आ रही एक निजी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार आसाराम जाट की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ट्रेन में हार्टअटैक आने से वृद्ध की मौत
हरिद्वार से जोधपुर जाने वाली कालका एक्सप्रेस ट्रेन में मंगलवार को पलाना के पास हार्टअटैक आने से एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई। रेलवे पुलिस के अनुसार जोधपुर निवासी कन्हैयालाल (६४) परिवार सहित ट्रेन में हरिद्वार से जोधपुर जा रहे थे। पलाना के पास लघुशंका के लिए ट्रेन के बाथरूम में गए थे। वहां हार्टअटैक आने से उनकी तबीयत खराब हो गई। बाद में उनको नोखा के रेलवे स्टेशन पर उतारकर राजकीय बागड़ी अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में वृद्ध के शव को परिजनों के साथ जोधपुर के लिए रवाना किया गया।
युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी
कस्बे में मंगलवार को एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। जीआरपी पुलिस के अनुसार अंडरब्रिज के पास नोखा के वार्ड १७ निवासी किशनलाल मेघवाल (१६) ने बीकानेर से नोखा आ रही संपर्क क्रांति ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक युवक के शव को नोखा के राजकीय बागड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। उल्लेखनीय है कि मृतक युवक की मां मुन्नी देवी ने भी दस माह पहले नोखा में ही ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली थी। वहीं युवक के खुदकुशी करने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
Published on:
26 Jun 2018 09:57 pm
