
बजरी माफियाओं ने किया परिवहन उपनिरीक्षक पर जानलेवा हमला
बीकानेर. पुलिस व प्रशासन की अनदेखी के कारण अब बीकानेर जिले में बजरी माफिया खतरनाक होते जा रहे हैं। रविवार देररात को गजनेर थाना क्षेत्र में गोलरी के पास बजरी माफियाओं ने परिवहन विभाग के उप निरीक्षक पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। उपनिरीक्षक व सुरक्षा गार्ड को पीबीएम के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।गजनेर एसएचओ अमरसिंह के मुताबिक परिवहन विभाग के उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार (४५) पुत्र प्रकाशचन्द्र भाटी ने बयानों में बताया कि रविवार की वह और चालक कानसिंह व सुरक्षा गार्ड रामरतन के साथ जैसलमेर रोड पर ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इस दरम्यिान बजरी के ओवरलोड़ एक डम्पर का चालान काटा। इस पर डम्पर चालक ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। जीप में आए बदमाशों ने घेर कर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह और सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। हमलावर जाते समय सरकारी गाड़ी की चाबी छीन कर ले गए। राजकार्य में बाधा पहुंचाई। हमले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मामला दर्ज, हमलावरों की तलाश जारी
एसएचओ सिंह ने बताया कि वारदात में काम ली गई जीप बंगलानगर निवासी ओमकार पुत्र केसराराम के नाम से पंजीकृत है। उपनिरीक्षक के सिर व शरीर में अन्य जगहों पर चोटें आई है। हमलावरों के खिलाफ भादंसं की धारा ३०७, ३८२, ३५२ व १४३ में दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बढ़ रहे हैं ऐसे मामले
प्रदेश में जब से बजरी पर सरकार सख्त हुई है। बजरी की कालाबाजारी और तस्करी बढ़ गई है। आए दिन टोलनाकों पर झगड़ा होता है। बजरी के ओवरलोड वाहनों को टोल पर रोकने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। इतना ही नहीं बजरी माफिया ओवरलोड वाहनों को जबरदस्ती पार करवाते हैं। जिले के राजमार्गों के थानों के आगे से हर रोज सैकड़ों वाहन गुजरते हैं लेकिन पुलिस आंखें मूंद कर बैठी हुई है। नतीजन बजरी माफिया के हौसले बुलंद है।
Updated on:
08 Oct 2019 08:11 am
Published on:
08 Oct 2019 08:11 am
