बीकानेर. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष देवेन्द्र प्रकाश शर्मा (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) ने मंगलवार को केन्द्रीय कारागृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उच्च न्यायालय के आदेशानुसार जिन सजायाफ्ता बंदी की अपील प्रस्तुत नहीं है, उनके भी फार्म मौके पर भरवाए गए। साथ ही जिन बंदियों के पास पैरवी के लिए अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता के तहत अधिवक्ता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। कारागृह में इस हफ्ते नव प्रवेशित महिला बंदियों से भी मुलाकात की और कारागृह में मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बैरक तथा बंदियों से उनके परिजनों से मुलाकात एवं अधिवक्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान सचिव रैना शर्मा तथा जेल अधीक्षक, महिला जेल उप अधीक्षक तथा जिला एवं सेशन न्यायालय के निजी सचिव किर्ती निधी तिवाड़ी आदि मौजूद रहे।