
रतन बिहारी पार्क में बनेगी तीन मंजिला पार्किंग
बीकानेर. पब्लिक पार्क परिसर स्थित विभिन्न पार्कों की अब दशा सुधरेगी। पार्को के रख-रखाव और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए इन पर्कों में अलग-अलग अभियंताओं की ड्यूटी लगेगी तथा अभियंता का नाम उस पार्क में लिखा जाएगा। जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम के अनुसार उस पार्क में किसी भी नुकसान के लिए अभियंता जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि पार्क में बैठने के लिए बैंच लगाए तथा उस पर संबंधित अभियन्ता के मोबाइल नम्बर लिखे जाएं।कलक्टर ने बुधवार को न्यास सचिव सुनीता चौधरी व न्यास अभियंताओं के साथ पब्लिक पार्क का निरीक्षण किया और निर्देश दिए। उन्होंने पार्कों में फैली गंदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने पार्क में बंद फव्वारे चालू करवाने व टूटे हुए झूलों को १५ दिन में ठीक करवाने के भी निर्देश दिए।
मंदिर का सौंदर्य न बिगड़े
रतन बिहारी पार्क में तीन मंजिला वाहन पार्र्किंग स्थल प्रायोगिक रूप पर बनाया जाएगा। यह स्थल महात्मा गांधी मार्ग से लगते स्थान पर बनाया जाएगा। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्र्किंग के भूतल, प्रथम और द्वितीय तल पर वाहन पार्र्किंग की व्यवस्था की जाए। तीसरी मंजिल पर टेरिस पार्क विकसित किया जाए। कलक्टर ने इस कार्य के दौरान रतन बिहारी मंदिर तथा इसके मुख्य भवन के सौंदर्य को यथावत बनाए रखने के भी निर्देश दिए।कलक्टर ने कहा कि महात्मा गांधी मार्ग को शहर के मॉडल रास्ते के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां दीवार से दीवार तक सड़क बनेगी तथा सड़क के बीच डिवाइडर बनाया जाएगा।
बच्ची की शिकायत पर हटाए गाड़े
महात्मा गांधी मार्ग पर एक बच्ची ने कलक्टर से शिकायत की कि पब्लिक पार्क में टॉय ट्रेन और बिश्नोई धर्मशाला के बीच फुटपाथ पर कुछ असामाजिक लोग खडे़ रहते हैं। इससे राहगीर परेशान होते हैं। कलक्टर ने बाद में पब्लिक
पार्क के उस स्थान पर गए तो वहां कुछ लोग खडे़ थे और अनधिकृत गाडे़ लगे हुए थे। कलक्टर व उनके साथ चल रहे अधिकारियों ने उन गाड़ों को हटाया।
Published on:
14 Mar 2019 09:54 am
