
बिस्सा चौक के इस अखाड़े में मंच पर उतरती है शहजादी
बीकानेर. होली के अवसर पर शहर में मंचित होने वाली रम्मतों में बिस्सा चौक में मंचित होने वाली नौटंकी शहजादी रम्मत विशेष लोकप्रिय है। दो बोला, चौबोला, दौड़, लावणी और गजल के माध्यम से मंचित होने वाली यह रम्मत एक शताब्दी से भी अधिक समय से मंचित हो रही है। उस्ताद जागनाथ एवं रमणसा बिस्सा के अखाड़े में मां आशापुरा स्वरूप के अखाड़े (रम्मत मंचन स्थल) पर पहुंचने और शहरवासियों की ओर से स्तुुति वंदना के साथ रम्मत का आगाज होता है। आशापुरा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी बिस्सा चौक में पहुंचते हैं। यह रम्मत पूरी रात मंचित होती है। इस बार बिस्सा चौक में नौटंकी शहजादी रम्मत का मंचन 1 मार्च की रात से प्रारंभ होगा व 2 मार्च की सुबह तक मंचित होगी।
इन पात्रों से मंचन
रम्मत के वरिष्ठ कलाकार कृष्ण कुमार बिस्सा के अनुसार नौटंकी शहजादी रम्मत का मंचन रम्मत के कथानक अनुसार पात्र फूलसिंह, भाभी, मालन, शहजादी नौटंकी, कोतवाल, नौटंकी शहजादी का पिता और फूलसिंह का दोस्त पात्रों के माध्यम से रम्मत का मंचन होता है। रम्मत की शुरुआत पर मां आशापुरा स्वरूप का अखाड़े में पदार्पण होता है। इसके बाद स्वांग पात्रों के माध्यम से अच्छे जमाने की कामना की जाती है।
इन वाद्य यंत्रों का उपयोग
नौटंकी शहजादी रम्मत में विभिन्न प्रकार के वाद्य यंत्रों का उपयोग होता है। रम्मत मंचन के दौरान नगाड़ा, हारमोनियम, घुंघरू, खंजरी और छमछमा का उपयोग रम्मत कलाकार करते हैं।
ये निभाएंगे भूमिका
इस बार मंचित होने वाली नौटंकी शहजादी रम्मत में नैतिक बिस्सा (आशापुरा), कृष्ण कुमार बिस्सा (फूलसिंह), गोविन्द गोपाल बिस्सा (भूपसिंह), प्रेम रतन गहलोत (भाभी), महेन्द्र बिस्सा (फूलसिंह का दोस्त), विकास पुरोहित (मालन), मनोज कुमार व्यास (शहजादी नौटंकी), इन्द्र कुमार बिस्सा (कोतवाल), रामकुमार बिस्सा (नौटंकी शहजादी का पिता) की भूमिका निभाएंगे। नगाड़े पर मनीष व्यास व अविनाश बिस्सा संगत दे रहे हैं। सहयोगी कलाकार के रूप में रवीन्द्र बिस्सा, अनिकेत बिस्सा, लूणाराम, डी के कल्ला, बलदेव दास बिस्सा, विष्णु कुमार बिस्सा, दामोदर ओझा, गिरिराज रंगा, सूरज किशोर बिस्सा सहयोग कर रहे हैं।
नौटंकी शहजादी रम्मत
संस्थान - श्री आशापुरा नाट्य एवं कला संस्थान
अखाड़ा- उस्ताद जागनाथ एवं रमणसा बिस्सा
रम्मत - नौटंकी शहजादी
रम्मत मंचन- 01 मार्च की रात से 02 मार्च की सुबह तक
Published on:
20 Feb 2023 08:05 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
