
Bikaner Lok Sabha Elections 2019- वादे नहीं अब ठोस हो बात, रेल फाटकों से दिलाओं निजात
बीकानेर. चुनाव में वादों और जनसम्पर्क की दौड़ के बीच राष्ट्रीय स्तर की बातें तो खूब हो रही है लेकिन स्थानीय जरूरतें, मुद्दे और समस्याओं पर कोई नेता बात करने को तैयार नहीं। इस शोरगुल में भी जनता सवाल पूछना और हिसाब मांगना जानती है। पत्रिका टीवी के मुद्दा क्या है...कार्यक्रम में जनता को एेसा ही एक मंच दिया गया। लॉयन्स क्लब हॉल में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल और कांग्रेस के मदनगोपाल मेघवाल सीधे जनता से रूबरू हुए। उन्होंने अपना विजन और एजेंडा रखा। जनता ने सीधे मुद्दों पर सवाल किए और नेताओं ने उन पर अपनी सोच और पक्ष को रखा। इलाके के प्रबुद्ध लोगों ने इलाके की समस्याएं, विकास की जरूरतें और राष्ट्रीय से लेकर स्थानीय मुद्दों पर प्रत्याशियों से बेबाक सवाल किए। बीकानेर शहर की रेलवे फाटकों की परेशानी सहित कई समस्याओं पर लोगों ने प्रत्याशियों को साफ कहा कि अब वादे और झांसे नहीं ठोस काम चाहिए।
विकास को रफ्तार दी, शेष रहे काम अगले काल खण्ड में होंगे-अर्जुनराम मेघवाल
बीते पांच साल के दौरान बीकानेर के विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। वर्ष २०१४-१९ के काल खण्ड में लोगों ने हवाई सेवा का अनुभव लिया, पासपोर्ट सेवा केन्द्र शुरू हुआ। अभी तक २८ हजार पासपोर्ट बन चुके है। डेढ़ सौ करोड़ की लागत से पीबीएम अस्पताल में सुपर स्पेस्लिटी सेंटर बनाया गया। डेढ़ सौ बैड का ईएसआइ हॉस्पिटल स्वीकृत हुआ। जिससे श्रमिकों को उपचार की सुविधा मिलेगी। २२४० करोड़ की लागत से सरहिन्द फीडर और राजस्थान फीडर की मरम्मत का कार्य चल रहा है। पाकिस्तान जा रहे पानी को रोकने के लिए जम्मू और पंजाब के शाहपुर में डेम और रावी-व्यास सैकिंड लिंक पर ९ किलोमीटर का टर्मिनल बना रहे है। जो कार्य रह गए उन्हें अगले काल खण्ड २०१९-२४ में कराएंगे।
-अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा प्रत्याशी बीकानेर
रेलवे फाटक, सीवरेज के लिए गंभीरता से करेंगे प्रयास- मदनगोपाल मेघवाल
रेलवे फाटकों की समस्या का समाधान करना बड़ा मुद्दा है। पीछे प्रयास हुए लेकिन कुछ काम नहीं हुआ। अब गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। संभागीय मुख्यालय के चलते शिक्षा के क्षेत्र में और विश्वविद्यालयों का विकास प्राथमिकता में रहेगा। गंदे पानी की निकासी (सीवरेज) की समस्या शहरों के साथ गांवों में भी है। प्राथमिकता से यह काम करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने गरीबों के लिए न्याय योजना का वादा किया है। इसमें बीस प्रतिशत गरीब लाभांवित होंगे। यदि जनता चुनकर भेजती है तो पारदर्शिता से क्षेत्र के पात्र गरीब परिवारों को इसका लाभ दिलाया जाएगा। घोषणा पत्र में किसानों के लिए अलग बजट का वादा किया है। महिलाओं को ३३ प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था करेंगे।
-मदनगोपाल मेघवाल, कांग्रेस प्रत्याशी बीकानेर
Updated on:
01 May 2019 08:11 pm
Published on:
01 May 2019 08:11 pm
