
Bikaner Lok Sabha Seat Election: अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित बीकानेर लोकसभा सीट से भाजपा ने लगातार चौथी बार केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को प्रत्याशी बनाया है। उनके सामने कांग्रेस से राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल मैदान में है। पत्रिका ने दोनों प्रत्याशियों से बातचीत कर उनका विजन जाना। पेश है बातचीत के मुख्य अंश...।
भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल
अर्जुनराम... मोदी के नेतृत्व में विकसित बीकानेर से देश बनेगा विश्व गुरु
सवाल- आप क्षेत्र के किन प्रमुख मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं?
जवाब- बीकानेर लोकसभा क्षेत्र की जनता ने 2009, 2014 व 2019 में आशीर्वाद दिया। इसके परिणाम स्वरूप बीकानेर का खूब विकास हुआ। सोलर ऊर्जा हब, गैस पाइप लाइन, 6-लेन हाईवे, भारतमाला एक्सप्रेस वे, पासपोर्ट ऑफिस, चिकित्सा सुविधाओं में विस्तार हुआ है।
सवाल- अब तक के राजनीतिक जीवन में किए गए प्रमुख काम कौन से हैं?
जवाब- आने वाले समय में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनेगा। विकसित बीकानेर से देश विश्व गुरु बनने की तरफ बढ़ रहा है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बीकानेर की ब्रांडिंग एक सांस्कृतिक केन्द्र के रूप में हो रही है। पोटाश खनन शुरू कराने, क्रूड ऑयल बोरवेल खुदाई, प्राकृतिक गैस उत्खनन के बड़े काम हो रहे हैं।
सवाल- विधानसभा चुनाव से लोकसभा की चुनाव कैम्पेनिंग किस तरह अलग मानते हैं?
जवाब- विधानसभा चुनाव में गहलोत सरकार के कुशासन, कुप्रबंधन, भ्रष्टाचार, दलित अत्याचार, पेपरलीक, संवेदनहीनता जैसे मुद्दों पर जनता में आक्रोश था।
जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। अब लोकसभा चुनाव विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण का चुनाव है।
सवाल- आपके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी की तीन प्रमुख कमियां क्या है?
जवाब- प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी के आचरण व व्यवहार से सब जनता परिचित है। जनता सभी प्रत्याशियों का बारीकी से विश्लेषण कर परखती है। मैं हमेशा से सकारात्मक राजनीति का पक्षधर रहा हूं। हमेशा विकास और जनसेवा के विजन को आगे रखा है।
सवाल- पार्टी में गुटबाजी है... इस पर आपका क्या कहना है?
जवाब- भाजपा के सभी पदाधिकारी, विधायक और कार्यकर्ता एकजुट हैं। सभी पूरे जोश से मोदी को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। बीकानेर से अनूपगढ़-खाजूवाला, कोलायत से लूणकरनसर और श्रीडूंगरगढ़ से नोखा तक भाजपा परिवार चुनाव में जुटा हुआ है।
कांग्रेस प्रत्याशी गोविन्दराम मेघवाल...
गोविन्दराम... 15 साल में कुछ नहीं हुआ, बीकानेर के विकास को देंगे गति
सवाल- किन प्रमुख मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं?
जवाब- 15 साल में जनता की किसी भी समस्या की तरफ भाजपा सांसद ने ध्यान नहीं दिया। यहां तक कि अपने कार्यकर्ताओं तक को नहीं जानते हैं। फोन तक नहीं उठाते। सांसद कोटा अर्जुनराम ने कहां लगाया, कोई जानकारी नहीं देते। एक तरह से फेल साबित हुए है।
सवाल- अब तक के राजनीतिक जीवन में किए गए प्रमुख काम कौनसे हैं?
जवाब- नोखा तथा खाजूवाला में शिक्षा, चिकित्सा और पानी की समस्या का समाधान किया है। पूगल में उप जिला अस्पताल का विकास, नोखा तथा खाजूवाला में शिक्षा पर ध्यान देते हुए स्कूलों को क्रमोन्नत कराया। पानी की समस्या के समाधान स्वरूप नहर के लिए 550 करोड़ रुपए बजट में पारित कराए। साथ ही 6 करोड़ की लागत से 116 पानी की टंकियों का निर्माण कराया। खाळों और नहरों की मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत कराई है।
सवाल- विधानसभा चुनाव से लोकसभा की चुनाव कैम्पेनिंग किस तरह अलग मानते हैं?
जवाब- विधानसभा का एरिया सीमित होता है। जबकि लोकसभा क्षेत्र बड़ा और आठ विधानसभा क्षेत्रों का है। फिर भी चुनाव तक पूरे क्षेत्र की हर ग्राम पंचायत और शहरों में वार्ड तक जाने का प्रयास करेंगे। दोनों चुनाव में क्षेत्र के मुद्दे भी बदल जाते हैं।
सवाल- आपके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी की तीन प्रमुख कमियां क्या है?
जवाब- सांसद बनने के बाद क्षेत्र में कभी आए नहीं, जनता से कोई संवाद नहीं है। संवादहीनता की स्थिति बनी हुई है। मुद्दे उठाना तो दूर बीकानेर जिले का नाम तक कभी संसद में नहीं बोला। ऐसे में विकास की आस भला कैसे कर सकते हैं?
सवाल- पार्टी में गुटबाजी और भीतरघात की आशंका जताई जा रही है, इस पर क्या कहना है?
जवाब- कांग्रेस में गुटबाजी जैसी स्थिति नहीं है। यह हालात भाजपा में होंगे। हमारे यहां सभी कांग्रेसजन एक है। एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। बीकानेर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर मतदाताओं से मिल रहे हैं।
Published on:
05 Apr 2024 12:13 pm
बड़ी खबरें
View Allराजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
