21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए स्वीकृत, कार्यरत व रिक्त पदों की मांगी जानकारी

नगर निगम - सफाई कर्मचारियों के 1661 पद स्वीकृत, 1531 कार्यरत  

2 min read
Google source verification
सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए स्वीकृत, कार्यरत व रिक्त पदों की मांगी जानकारी

सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए स्वीकृत, कार्यरत व रिक्त पदों की मांगी जानकारी

बीकानेर. नगर निगम सफाई कर्मचारियों की कमी सू जूझ रहा है। शहर की जनसंख्या के अनुपात में करीब पचास फीसदी पद ही सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत होने से इसका असर शहर की सफाई व्यवस्थाओं पर पड़ रहा है। समय-समय पर निगम को शहर की पुख्ता सफाई व्यवस्था के लिए 100 सफाई श्रमिक ठेकेदार फर्म के माध्यम से लेने पड़ रहे हैं। राज्य सरकार के हाल में पेश हुए बजट में प्रदेश में 30 हजार सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की घोषणा की गई है। सरकार की मंशा अनुसार स्वायत्त शासन विभाग ने प्रदेश की नगरीय निकायों से सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत, कार्यरत, रिक्त पदों की जानकारी मांगनी शुरू कर दी है। चुनावी वर्ष होने के कारण सरकार भी संभवत: समय रहते सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू करवाने के पक्ष में नजर आ रही है, ताकि इसका लाभ विधानसभा चुनाव के दौरान प्राप्त किया जा सके।

यह मांगी जानकारी

डीएलबी की ओर से नगरीय निकायों के आयुक्त, अधिशासी अधिकारी से नगरीय निकाय में सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत पद, कार्यरत कर्मचारी, रिक्त पद, संविदा अथवा दैनिक वेतन पर कार्यरत सफाई कर्मचारी, ठेकेदार के माध्यम से लगे कार्मिक, कुल नियोजित सफाई कर्मचारियों की संख्या और वित्तीय भार की जानकारी मांगी गई है। इस संबंध में स्वायत्त शासन विभाग के उप निदेशक (प्रशासन) नरेन्द्र कुमार वर्मा की ओर से आदेश जारी कर सात दिवस में चाही गई जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

130 पद रिक्त

नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के 1661 पद स्वीकृत हैं। इसमें से 1531 पदों पर सफाई कर्मचारी कार्यरत बताए जा रहे हैं। स्वीकृत पदों में से 130 पद रिक्त चल रहे हैं। निगम अधिकारियों व कर्मचारी संगठनों से जुड़े लोगों का अनुमान है कि 30 हजार सफाई कर्मचारियों की भर्ती में नगर निगम को 600 से 800 पद आवंटित हो सकते हैं।

जरूरत 3200 की, स्वीकृत पद 1661

नगर निगम क्षेत्र की जनसंख्या 8 लाख से अधिक है। प्रति एक हजार की जनसंख्या पर चार सफाई कर्मचारियों के फार्मूलें को माना जाए, तो नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के 3200 पद स्वीकृत होने चाहिए, जबकि स्वीकृत पद 1661 ही हैं। आवश्यकता से 50 फीसदी पद स्वीकृत हैं। इससे निगम की सफाई व्यवस्था बार-बार डगमगा रही है।

जनसंख्या के अनुपात में हो भर्ती

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य ओम प्रकाश लोहिया के अनुसार, प्रदेश सरकार सफाई कर्मचारियों के 30 हजार पदों पर भर्ती करेगी। इसकी घोषणा राज्य बजट में की जा चुकी है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था मजबूत होगी। सफाई कर्मचारी संगठनों से जुड़े चन्द्रशेखर चांवरिया, शिवलाल तेजी, रतन लाल चांवरिया, ईश्वर जावा, सतीश चांवरिया, सुनील जावा के अनुसार निगम में शहर की जनसंख्या के अनुपात में सफाई कर्मचारियों की भर्ती होने चाहिए। इसके अनुसार 1661 स्वीकृत पद हैं। 1600 सफाई कर्मचारियों की भर्ती और निगम में होनी चाहिए।