
कभी तीन नगर पालिकाओं वाला शहर था बीकानेर
बीकानेर. रियासतकाल में ही आमजन की सुविधा के लिए नगर पालिका व्यवस्था की शुरुआत हो गई थी। बीकानेर शहर में तीन नगर पालिकाओं का गठन किया गया था। करीब एक शताब्दी पहले बीकानेर नगर पालिका गठित हुई, वहीं वर्ष १९३९ में गंगाशहर नगर पालिका और वर्ष १९४२-४३ में भीनासर नगर पालिका का गठन किया गया। देश की आजादी के बाद वर्ष १९४७ से वर्ष १९८२ तक तीनों नगर पालिकाएं अस्तित्व में रही। निर्वाचित सदस्यों ने जन सुविधाओं के लिए कई कार्य करवाए। नगर पालिकाओं के राजस्व प्राप्ति का प्रमुख जरिया चुंगी रहा। तीन नगर पालिकाएं अपने-अपने क्षेत्रों में चुंगी नाके संचालित करती रही। वर्ष १९८२ में गंगाशहर नगर पालिका और भीनासर नगर पालिका का नगर परिषद बीकानेर में विलय कर दिया गया।
चौपड़ा व सारस्वत दो-दो बार बने अध्यक्ष
एक मई, १९३९ को गंगाशहर नगर पालिका की स्थापना हुई। वर्ष १९३९ से १९४९ तक नाजिम सरदार बीकानेर मनोनीत अध्यक्ष रहे। अगस्त-१९४९ में नगर पालिका गंगाशहर का पहला निर्वाचित बोर्ड बना। तेजमाल चौपड़ा पहले निर्वाचित अध्यक्ष बने। वे पहली बार १९४९ से १९५३ व दूसरी बार १९५६ से १९५७ तक अध्यक्ष रहे। वहीं हजारीराम सारस्वत भी गंगाशहर पालिका बोर्ड मेंदो बार अध्यक्ष बने। पहली बार अगस्त १९५७ से सितम्बर १९५७ तक और दूसरी बार वर्ष १९५९ से १९६३ तक अध्यक्ष रहे। वहीं धर्मचन्द चौपड़ा (१९५३-१९५६), मोहन लाल जोशी (१९५७-१९५९), झंवर लाल बोथरा (१९६४-१९६७), शुभकरण चोरडिया (१९७०-१९७३), मांगीलाल भूरा (१९७४-१९७७), ईमानमल बोथरा (१९७७) बोर्ड अध्यक्ष रहे।
दस सदस्यों का था बोर्ड
गंगाशहर नगर पालिका का दस निर्वाचित सदस्यों का बोर्ड था। वर्ष १९७४ से १९७७ तक का बोर्ड गंगाशहर नगर पालिका का अंतिम निर्वाचित बोर्ड था। इसके बाद वर्ष १९८२ में गंगाशहर नगर पालिका का नगर परिषद बीकानेर में विलय हो गया। इस बोर्ड में पार्षद रहे भंवर लाल गहलोत ने बताया कि आज जहां नगर निगम का गंगाशहर कार्यालय है, उस दौर में नगर पालिका गंगाशहर का कार्यालय भी यहीं था। बोर्ड की बैठकें भी यहां होती थी। गहलोत के अनुसार बोर्ड में दस निर्वाचित सदस्य होते थे। मनोनीत सदस्य की भी व्यवस्था थी। वहीं भीनासर नगर पालिका का कार्यालय जवाहर विद्यापीठ के पास था। आज यहां उस दौर के कक्ष व परिसर पर ताला लगा हुआ है।
Published on:
03 Oct 2019 03:09 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
