
नोखा पालिकाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, मुंह पर कई जगह आई चोट
नोखा. कस्बे में रविवार को पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर के घर में घुसकर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। जिससे वे घायल हो गए। बाद में शोर-मचाने पर हमलावर एक लाख रुपए व सोने की चेन छीन दीवार फांदकर भाग गए। बाद में पालिकाध्यक्ष झंवर घायल अवस्था में ही थाने पहुंचे और आधा दर्जन से अधिक हमलावरों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कराया। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उन्होंने बागड़ी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया। वहीं पुलिस ने इस मामले में बदमाशों की धरपकड़ करने के लिए कुछ स्थानों पर दबिश भी दी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं विधायक बिहारी लाल बिश्नोई ने भी पालिकाध्यक्ष झंवर के साथ हुए मारपीट मामले में कड़ी निंदा की है।
कई स्थानों पर दबिश
वारदात करने एक वाहन में सवार होकर आए लोग यहां पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए हैं। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। वारदात के बाद सीओ महमूद खान व एसएचओ भगवान सहाय मीणा ने हमलावरों की धरपकड़ करने के लिए कुछ स्थानों पर दबिश भी दी। वारदात की सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष झंवर की कुशलक्षेम पूछने के लिए उनके समर्थक बड़ी तादाद में नोखा थाने में जमा हो गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बदमाशों की तुरंत गिरफ्तारी करने की मांग भी की।
ओमप्रकाश ठेहट सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों पर मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर ने रिपोर्ट में बताया कि रविवार की दोपहर २.४५ बजे वे रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अपने निवास पर खाना खा रहे थे। उस वक्त आरोपी ओमप्रकाश ठेहट, मनोज, बीकानेर के जयप्रकाश जांदू नोखा के लक्ष्मण भादू, राकेश बिश्नोई, धीरज शर्मा व ४-५ अन्य एक राय होकर आए उससे रुपयों की मांग की। बैठक आज : पालिकाध्यक्ष झंवर पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में सोमवार को दोपहर दो बजे श्रीकृष्ण मंदिर में बैठक होगी। इसमें व्यापार मंडल, पार्षदगण और सर्वसमाज के प्रबुद्ध लोग भाग लेंगे।
पैसे देने से मना करने पर उक्त लोगों ने जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। मारपीट में बांयीं आंख के ऊपर व नाक पर ज्यादा चोट आई। वहीं हाथ की एक अंगुली व बाजू भी चोटिल हुई है। बदमाशों के पास अवैध हथियार थे और उन्होंने मारपीट करते एक लाख रुपए व एक सोने की चेन छीन ली। इसी दौरान पास खड़े स्टाफ कर्मचारी विजय मारू व ब्रह्मप्रकाश ने बीच-बचाव किया, घायल होने पर शोर मचाया तो मेरा दोस्त कैलाश भाम्भू व मेरी पत्नी दौड़कर आए। इतने में बदमाश भाग गए।
Published on:
15 Apr 2019 11:11 am
