
ओरियेंटल बैंक शाखा में लगी आग, लाखों का सामान जला
लूणकरनसर. कस्बे में लूणकरनसर-सरदारशहर स्टेट हाइवे-६(ए) कालू रोड पर ओरियेन्टल बैंक ऑफ कॉमर्स (ओबीसी) की शाखा में सोमवार सुबह शॉर्ट सर्किट से लगी आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आग स्ट्रॉंग रूम व एटीएम तक नहीं पहुंची। इससे करीब बैंक की ३२ लाख से अधिक की नकदी व लॉकर में रखा सामान बच गया। यहां बैंक शाखा में सोमवार सुबह करीब ८.२० बजे सफाई कर्मचारी ने आते ही बिजली चालू की। इस पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना मिलने पर थोड़ी देर बाद शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए तथा अग्निशामक यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया लेकिन सफल नहीं हो पाए।
आग के धुएं व लपटों के विकराल रूप लेने से एकबारगी अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलने के बाद कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी एवं राजस्व तहसीलदार उमा मित्तल, एएसआइ रामसिंह, बैंक अधिकारी हरीश कुमार, विकास गोदारा समेत बड़ी तादाद में पहुंचे लोगों ने पानी के टैंकर डालकर बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग से बैंक का पूरा कम्प्यूटर सिस्टम, कैमरे, सीसीटीवी, फर्नीचर, कैश गिनने की मशीन समेत कई कागजात भी जल गए। आग से बैंक के भवन को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
देरी से पहुंची दमकल
बैंक शाखा में आग लगने के बाद बैंक के अधिकारियों ने सुबह ८.३३ बजे दमकल विभाग को सूचना की गई लेकिन करीब सवा घंटे देरी से सुबह ९.४६ बजे दो दमकल की गाडिय़ां पहुंची। तब तक बैंक का सारा सामान जल चुका था। इससे पहले प्रशासन व ग्रामीणों के सहयोग से दस टैंकर पानी डालकर कुछ हद तक आग पर काबू पाया गया। दमकल की दो गाडिय़ां पहुंचने पर सुबह करीब ११.१० बजे मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। दमकल के देरी से पहुंचने पर स्थानीय लोगों में भी रोष नजर आया।
नकदी व लॉकर का सामान सुरक्षित
आग लगने के बाद पुलिस की मौजूदगी में बैंक के बगल में लगे एटीएम से करीब सवा १२ लाख की नकदी सुरक्षित निकालकर थाने रखवाई गई। बैंक में लगी आग स्ट्रॉन्ग रूम तक नहीं पहुंची। इससे स्ट्रॉन्ग रूम में बैंक की करीब २० लाख की नकदी व लॉकरों में रखा सामान भी सुरक्षित बच गया।
बैंक अधिकारियों ने लिया जायजा
बैंक शाखा में आग की घटना के बाद जोधपुर से डीजीएम राजीव महाजन, सुरक्षा प्रभारी अरविन्द मीणा, बैंक अधिकारी आरएस सुथार ने जायजा लिया। सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए जांच की। बैंक के अधिकारियों ने ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए आगामी दो-तीन दिनों में कामकाज शुरू करने के प्रयास शुरू किए है। इसके लिए दो-तीन जगह को देखा गया।
दमकल की सुविधा हो
सोमवार को बैंक शाखा में लगी आग को लेकर दिनभर लोगों में कस्बे में दमकल की सुविधा का अभाव होना चर्चा का विषय रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मुख्यालय पर दमकल की सुविधा मुहैया करवाने की मांग उठाई।
Published on:
26 Nov 2019 06:29 am
