
Now sewerage water will not be released in gravel mines
बीकानेर. नोखा. कस्बे के वार्ड 21,22 व 23 में स्थित नकारा बजरी खदानों में छोड़े जा रहे सीवरेज के पानी को बंद करने की मांग को लेकर पांच दिन से धरने पर बैठी महिलाओं की मंगलवार को पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर के साथ वार्ता हुई।
इसमें बजरी खदानों में सीवरेज का पानी नहीं छोडऩे और तीन सीवरेज नालों को तुरंत बंद कराने की घोषणा करने पर धरना समाप्त कर दिया गया। पालिकाध्यक्ष झंवर ने मौके पर ही अधिकारियों व ठेकेदार को बुलाकर निर्देश भी जारी किए। इस दौरान मगनाराम केड़ली, संतोर्ष, पुष्पा, स्वरूप देवी, सूरजी रेगर, पानादेवी, कलावती, धोली मेघवाल, भंवरी सहित महिलाएं मौजूद थी।
माहौल गर्माया, बुलाई पुलिस
धरने पर बैठी महिलाओं ने पहले तहसीलदार कार्यालय के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में गेट के सामने धरना देकर बैठ गई और तहसीलदार से बाहर आकर उनकी बात सुनकर ज्ञापन लेने की मांग करने लगी। इसके लिए तहसीलदार द्वारकाप्रसाद शर्मा ने मना किया, तो माहौल गरमा गया और तहसील परिसर में भीड़ भी एकत्रित हो गई।
सूचना पर थानाधिकारी भगवान सहाय मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाइश कर कुछ महिलाओं को तहसील कार्यालय में बुलाया। इस दौरान ईओ राजूराम चौधरी को भी बुलाया गया। महिलाओं ने अधिकारियों से बजरी खानों को लेकर हाइकोर्ट के आदेश की पालना करने, खानों में सीवरेज पानी बंद कराने और वहां बसे लोगों के पुर्नवास कराने की मांग की। अधिकारियों के समझाने पर महिलाएं मान गई व तहसीलदार को कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर रवाना हो गई।
नए सिरे से डालेंगे सीवरेज
बजरी खदानों का मौका देखा गया है। यहां पर पुरानी सीवरेज को बंद कर अब नए सिरे से सीवर लाइन डाली जाएगी। इसके लिए जेईएन को टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। इस समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
राजूराम चौधरी, अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका नोखा।
Published on:
14 Aug 2019 06:00 am
