
निजी बस स्टैंड पर सुविधाओं का टोटा, यात्री परेशान
नोखा. कस्बे के निजी बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। यहां यात्रियों के लिए न तो बैठने की व्यवस्था है और न ही पीने का साफ पानी उपलब्ध है। इतना ही नहीं महिलाओं के लघुशंका निवारण के लिए भी सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं है। लिहाजा गर्मी और पेयजल से परेशानयात्री अपने गंतव्य के लिए बसों का इंतजार करते देखे जा सकते हैं। गर्मी व धूप से बचने के लिए यात्री इधर-उधर रेहड़ी-ठेलों, बसों व पेड़ों की छांव में खड़े रहकर बस का इंतजार करते हैं। ऐसा नहीं है कि जिम्मेदारों इससे वाकिफ ना हो, लेकिन मूकदर्शक बनकर बैठे हैं।
बस स्टैंड तो शिफ्ट कर दिया, सुविधाएं कुछ नहीं
कस्बे में पहले निजी बस स्टैंड नवली गेट पर था, यहां पर ट्रेफिक दबाव रहता था, जिससे जाम की िस्थति रहती थी। प्रशासन व पुलिस ने यातायात व्यवस्था के तहत इसे नॉ-पार्किंग जोन घाेषित कर निजी बस स्टैंड को आगे बाबा छोटूनाथ स्कूल के सामने खाली पड़े स्थान पर शिफ्ट कर दिया। बीकानेर व श्रीकोलायत रुट पर जाने वाली निजी बसों का स्टैंड बना दिया। जिम्मेदारों ने निजी बस स्टैंड को तो शिफ्ट कर दिया, लेकिन यात्री सुविधाओं का विस्तार करना भूल गए। यात्रियों का कहना है कि निजी बस स्टैंड पर कोई सुविधा नहीं है। इससे यात्रियों के साथ ही बसों के चालक-परिचालक भी परेशान हैं।
रोज करीब 60-70 बसों का आवागमन
राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर बाबा छोटूनाथ स्कूल के सामने स्थित निजी बस स्टैंड पर रोजाना करीब 60-70 बसें आती-जाती हैं। नोखा से बीकानेर व कोलायत जाने के लिए यहीं से बस मिलती है। इन बसों में रोजाना हजारों यात्री आवागमन करते हैं। यहां बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से अक्सर यात्री खड़े रहकर बसाें का इंतजार करते हैं। स्टैंड पर बसों के अस्त-व्यस्त खड़े रहने से कई बार यातायात भी बाधित होता है।
इनका कहना है
निजी बस स्टैंड पर यात्री समस्याओं को चिन्हित कर उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र ही यात्री सुविधाओं को विस्तार कराया जाएगा।
-कल्पित शिवरान, एसडीएम नोखा।
Published on:
28 Feb 2023 10:31 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
