
बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पत्रिका फाइल फोटो
Rajasthan Police Action: बीकानेर रेंज में सक्रिय गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के अलावा 5 अन्य आपराधिक गिरोह भी पुलिस के निशाने पर हैं। पिछले 2 महीनों में विभिन्न गैंगों से जुड़े 48 गुर्गों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। पुलिस ने गैंगस्टरों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े युवकों की विस्तृत कुंडली तैयार कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी हुई है।
पुलिस मुख्यालय से मिले इनपुट के आधार पर बीकानेर रेंज पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के सीधे संपर्क में रहने वाले 57 लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े 467 लोगों की पहचान की है। इन सभी के व्यवसाय, चल-अचल संपत्ति, आपराधिक रिकॉर्ड और वर्तमान गतिविधियों का ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। इसके लिए रेंज कार्यालय में विशेष टीम काम कर रही है।
बीकानेर रेंज में वर्तमान में 1168 आदतन अपराधी चिन्हित हैं, जिनमें 1073 सक्रिय बताए गए हैं। पुलिस ने माफिया, तस्करों और हार्डकोर अपराधियों की अवैध संपत्तियों का भी रिकॉर्ड तैयार किया है। रेंज के 29 बदमाशों की संपत्तियों को जब्ती और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विशेष धरपकड़ अभियानों के जरिए अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर किया जा रहा है। अब फोकस गैंगस्टरों के उन सहयोगियों पर है जो आर्थिक, तकनीकी या अन्य माध्यमों से उनकी मदद कर रहे हैं।
पुलिस मुख्यालय की रिपोर्ट के अनुसार बीकानेर जिले में 57 लोग गैंगस्टर रोहित गोदारा के सीधे संपर्क में हैं, जबकि 467 लोग सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जुड़े हुए पाए गए हैं। पुलिस ने इन सभी की निगरानी शुरू कर दी है। उनकी संपत्ति, व्यवसाय, आपराधिक इतिहास और गतिविधियों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि गैंग नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
बीकानेर: लॉरेंस बिश्नोई गैंग, रोहित गोदारा गैंग, विशाल पचार गैंग
श्रीगंगानगर: लॉरेंस गैंग, रोहित गोदारा गैंग, अमित उर्फ जैक पंडित गैंग
हनुमानगढ़: आरजू बिश्नोई गैंग, सज्जन बालसमंदिया गैंग, विशाल पचार गैंग
चूरू: रोहित गोदारा गैंग
बीकानेर: 3
श्रीगंगानगर: 19
हनुमानगढ़: 18
चूरू: 8
कुल: 48 गिरफ्तार
अपराधियों के खिलाफ पुलिस और सरकार सख्त है। रेंज में 1073 बदमाश चिन्हित हैं और उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। विशेष अभियानों में अधिकांश अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब गैंगस्टरों के सक्रिय सहयोगियों पर कार्रवाई की जा रही है।
-ओमप्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज
हार्डकोर अपराधियों के साथ उनके गुर्गों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। जिले में 467 लोग अपराधियों के संपर्क में चिन्हित किए गए हैं, जिनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
-मृदुल कच्छावा, पुलिस अधीक्षक, बीकानेर
Updated on:
15 Jun 2026 10:57 am
Published on:
15 Jun 2026 10:37 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
