
बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 14 मार्च से : 25 नाटकों का मंचन, देशभर के 300 रंगकर्मी आएंगे
बीकानेर. बीकानेर थिएटर फेस्टिवल का आयोजन यहां 14 से 18 मार्च तक होगा। इस बार बीकानेर थिएटर फेस्टिवल बहुभाषाई होगा, जिससे बीकानेर में भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और लोक कलाएं देखने को मिलेंगी। इस साल फेस्टिवल की अवधि चार दिन से बढ़ाकर पांच दिन कर दी गई है। इसमें देश के 25 चर्चित नाटकों का मंचन किया जाएगा। इसमें देशभर के ३०० से अधिक रंगकर्मी हिस्सा लेंगे।फेस्टिवल में मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, केरल, तमिलनाडु, आंधप्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, गोवा, मध्यप्रदेश, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान सहित लगभग १५ राज्यों से नाट्य दल बीकानेर आएंगे और अपने नाटकों की प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन के संरक्षक जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम और बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक एके दुबे ने बताया कि अनुराग कला केन्द्र, लोकायन संस्थान, श्री तौलाराम हंसराज डागा चैरिटेबल ट्रस्ट, उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मण्डल, नगर विकास न्यास और विरासत संवद्र्धन संस्थान की आयोजित फेस्टिवल देश के जाने-माने साहित्यकार व चिंतक डॉ. नंदकिशोर आचार्य को समर्पित होगा। फेस्टिवल में देश के शीर्ष रंगकर्मी आएंगे। इस दौरान देशभर के ख्यात रंग निर्देशकों के प्रसिद्ध नाटकों का मंचन शहर के अलग-अलग प्रेक्षागृहो में होगा।
एक समय एक ही नाटक
समारोह संयोजक सुधेश व्यास ने बताया कि समारोह में रोजाना चार से पांच नाटकों का मंचन रवीन्द्र रंगमंच, टीएम लालाणी ऑडिटोरियम, टाउन हॉल और रेलवे ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इनमें एक समय में एक ही नाटक का मंचन होगा, ताकि सभी कलाकारों, दर्शकों को सभी नाटकों को देखने का अवसर मिल सके। रोजाना रात को विभिन्न शैलियों के लोक-नाट्यों की प्रस्तुतियां भी खुले मंच पर दी जाएगी।
Published on:
24 Jan 2019 12:00 pm
