बीकानेर. फड़बाजार स्थित ज्वैलर्स की दुकान में ग्राहक बनकर आई महिलाओं की ओर से सोने-चांदी के जेवरात चुरा कर ले जाने के मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। कोटगेट पुलिस ने पल्लू पुलिस के सहयोग से पांच महिलाओं और दो व्यक्तियों को पल्लू में गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें चुराए गए जेवरात व लग्जरी गाड़ी बरामद की है।
कोटगेट सीआइ धरम पूनिया ने बताया कि अलवर जिले के बहररोड थाना क्षेत्र के जखराना निवासी सुनहरी (52) पत्नी राजाराम उर्फ राजू बावरी, अलवर के हसरोरा निवासी शारदा (29) पत्नी राजेन्द्र बावरी, झुंझुनूं जिले के भोलियों की ढाणी निवासी शिला (29) पत्नी राकेश बावरी, जयपुर के कोटपुतली थना के सुंदरपुरा निवासी संगीता उर्फ सुनीता (34) पत्नी गिरराज बावरी, विक्की उर्फ रिकू (31) पत्नी हंसराज बावरी एवं झुंझुनूं जिले के शितलगोलमा की ढाणी निवासी राजू उर्फ राजेन्द्र (27) पुत्र उमराव बावरी एवं जगदीश पुत्र रिडमल (30) उर्फ गोपालसिंह बंजारा को गिरफ्तार किया गया है। एएसआइ ताराचंद, कांस्टेबल चन्द्रप्रकाश एवं महिला कांस्टेबल सर्वेश की टीम आरोपियों को गिरफ्तार कर बीकानेर लाई।