
भाजपा ने शहर में विजय आचार्य और देहात में जालम सिंह भाटी को बनाया जिलाध्यक्ष
बीकानेर. प्रदेश भाजपा ने जिले में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में किसी नए चेहरे की बजाय पूर्व में जिलाध्यक्ष का दायित्व निभा चुके नेताओं पर ही एक बार फिर भरोसा जताया है। शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने बीकानेर के दोनों जिलाध्यक्षों की घोषणा की। इनमें शहर जिलाध्यक्ष पद पर विजय आचार्य और देहात जिलाध्यक्ष पद पर जालम सिंह भाटी को नियुक्त किया है। आचार्य इससे पहले वर्ष 2014-15 में शहर जिलाध्यक्ष पद का दायित्व संभाल चुके हैं। भाटी भी तीन बार पहले देहात भाजपा की कमान संभाल चुके हैं।
आचार्य संघ की पसंद
नवनियुक्त शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य आरएसएस विचारधारा के और सधे हुए नेता हैं। संघ के स्वयंसेवक, युवा मोर्चा में जिम्मेदारी और संगठन में पकड़ रखने वाले हैं। भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी हैं। पिछले दिनों वसुंधरा राजे बीकानेर दौरे पर आने के दौरान विजय आचार्य के निवास पर भी गई थीं। शहर भाजपा की जिम्मेदारी संघ की पसंद के व्यक्ति को दी गई है।
सभी गुटों के साथ संबंध ठीक
देहात की कमान संभालने वाले जालम सिंह भाटी मूलत: खाजूवाला विधानसभा के किसनपुरा के रहने वाले हैं। लम्बे समय से बीकानेर में रह रहे हैं। इससे पहले भी देहात जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। अभी भाजपा के सभी गुटों के साथ भाटी के संबंध ठीक हैं। उनकी जिलाध्यक्ष की ताजपोशी में प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर की सिफारिश को अहम माना जा रहा है। भाटी इससे पहले वर्ष 1997, 2000 और 2009 में देहात जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।
पश्चिम में पकड़ का प्रयास
शहर भाजपा अध्यक्ष पद की कमान बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से किसी नेता को देने की मांग भाजपा में अंदर ही अंदर चल रही थी। बीकानेर पूर्व से शहर अध्यक्ष और निगम महापौर होने के कारण अध्यक्ष की कमान पश्चिम में देने की पैरवी हो रही थी, ताकि शिक्षा मंत्री डॉ. बी डी कल्ला जैसे वरिष्ठ नेता के सामने भाजपा मजबूती के साथ पुन: सामने आ सके। लगातार दो चुनाव में बीकानेर पश्चिम से भाजपा का विधायक रहने के बाद वर्ष 2019 में भाजपा को मिली हार के बाद भाजपा इस बार पश्चिम से कमल खिलाने का प्रयास कर रही है। इसी के मद्देनजर शहर से आचार्य को अध्यक्ष बनाने की चर्चाएं भाजपा के गलियारों में चल रही थीं।
कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशियां
शहर भाजपा अध्यक्ष पद पर विजय आचार्य की घोषणा के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनाई। आचार्य के आचार्य चौक िस्थत निवास स्थान के समक्ष भाजपा नेता, कार्यकर्ता, कई पार्षद पहुंचे व आचार्य का पुष्पमालाएं पहनाकर व मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं। वहीं देहात भाजपा अध्यक्ष पद पर जालम सिंह भाटी को नियुक्त करने पर देहात भाजपा के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की व भाटी को बधाइयां दीं।
दोनों सीटों पर खिलेगा कमल
भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने जिस आशा और विश्वास के साथ मुझे जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामूहिक सहयोग और प्रयास के साथ पूरा किया जाएगा। प्रदेश नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरूं, ऐसा प्रयास रहेगा। वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव में शहर की दोनों सीटों पर भाजपा की जीत होगी। कार्यकर्ताओं के साथ कार्य करेंगे और जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। प्रदेश में भाजपा दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। - विजय आचार्य, शहर भाजपा जिलाध्यक्ष, बीकानेर।
Published on:
22 Jan 2023 02:38 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
