5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: बीजेपी MLA को नहीं मिली कुर्सी… भजनलाल सरकार के दो साल पूरे होने पर चल रहा था कार्यक्रम, प्रेस वार्ता में माहौल गरमाया

बीकानेर जिला प्रभारी व चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर की मौजूदगी में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास बिफरे नजर आए। दरअसल, विधायक जेठानंद व्यास को मंत्री खींवसर की प्रेसवार्ता में कुर्सी तक नहीं मिली, जिसकी वजह से उन्हें काफी देर तक पीछे खड़े रहना पड़ा।

2 min read
Google source verification
Bikaner MLA

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खड़े हुए विधायक व्यास, पत्रकारों से बातचीत करते हुए। (फोटो-पत्रिका)

बीकानेर। प्रदेश में भाजपा सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में शनिवार को कार्यक्रमों के शुरुआत के अवसर पर ही विवाद हो गया। इस दौरान विधायकों और प्रशासन के बीच समन्वय की कमी सामने आई। बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेठानंद व्यास सहित तीन भाजपा विधायकों के पहुंचने से पहले ही प्रचार वाहन रवाना कर दिए गए। यह विवाद तब और गरमा गया, जब कलक्ट्रेट के सभाकक्ष में कुर्सी खाली नहीं पाकर विधायक व्यास खड़े रहे।

असल में जिला कलक्टर कार्यालय के सामने जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, विधायक सिद्धि कुमारी और जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने सरकार के प्रचार वाहनों को सुबह 11 बजे से पहले ही हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिए। जब विधायक जेठानंद व्यास पहुंचे तो उन्हें कार्यक्रम हो चुका होने की जानकारी मिली। ऐसे में विधायक व्यास सीधे कलक्ट्रेट सभागार में पहुंच गए, जहां प्रभारी मंत्री व अधिकारी प्रेस ब्रीफिंग कर रहे थे।

यहां भी विधायक को लगा झटका

यहां विधायक को दूसरा झटका तब लगा जब सभागार में उनके लिए कुर्सी खाली नहीं मिली। विधायक व्यास चुपचाप प्रभारी मंत्री व जिला कलक्टर के पीछे जाकर खड़े होकर अपनी मूक आपत्ति दर्ज करवा दी। इसके बाद कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी और खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल भी सभा कक्ष में पहुंचे। हालांकि बाद में सभी विधायक कुर्सी पर बैठे और पूरे समय कार्यक्रम में मौजूद भी रहे।

प्रशासन की गलती, प्रभारी मंत्री के सामने रखी बात

दोनों घटनाक्रम के बाद विधायक व्यास ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेरी कोई नाराजगी नहीं थी। सभाकक्ष में पहुंचा तो सभी अधिकारी व जनप्रतिनिधि कुर्सियों पर बैठे थे। कोई कुर्सी खाली नहीं थी ऐसे में मर्यादा की दृष्टि से ठीक नहीं लगा कि किसी को उठाकर उसकी कुर्सी पर बैठूं। ऐसे में खड़ा रहना ही उचित समझा। विधायक से प्रचार वाहनों को उनका इंतजार किए बिना समय से पहले रवाना करने के सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल का ध्यान नहीं रखा गया, यह प्रशासन की गलती है। प्रशासन ने जल्दबाजी में कार्यक्रम कर दिया। पूरे मामले से जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर को अवगत करवा दिया है।

कांग्रेस जैसा नहीं, भाजपा जैसा ही व्यवहार- व्यास

एक सवाल के जवाब में विधायक व्यास ने कहा कि कांग्रेस विधायक जैसा व्यवहार नहीं हो रहा, भाजपा विधायक जैसा ही व्यवहार हो रहा है। मैं शुद्ध भाजपा का विधायक हूं। प्रशासन ने गलती की है, इस बारे में प्रभारी मंत्री के समक्ष बात रख दी है। विधायक ने कहा कि प्रशासन ने प्रभारी मंत्री को सही जानकारी नहीं दी, इसलिए उनकी कोई गलती नहीं है। मैं जनता का आदमी हूं, बात रखना मेरा अधिकार है। जहां लगेगा गड़बड़ है, बोलूंगा जरूर।

पत्रकारों के सवाल पर विधायक की आपत्ति

इसी दौरान पत्रकारों द्वारा बीकानेर की स्थिति और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता को लेकर सवाल किया गया, जिस पर विधायक व्यास ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई। विधायक ने कहा कि उनके कार्यों पर सवाल उठाना अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं और नियमित रूप से वार्डों में जाकर जनता से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को संदेह है तो वे स्वयं मौके पर चलकर हो रहे विकास कार्यों को दिखाने के लिए तैयार हैं।