
निगम समितियों की बताई कार्यप्रणाली
बीकानेर. नगर निगम समितियों के गठन को लेकर चल रही असमंजस स्थिति के बीच रविवार को निगम सभागार में समिति अध्यक्षों की बैठक हुई। महापौर सुशीला कंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति अध्यक्षों को समिति की कार्यप्रणाली, उनके अधिकार एवं कार्यसंचालन नियमों की जानकारी दी गई। महापौर ने सभी समिति अध्यक्षों को नियमानुसार कार्यवाही प्रारम्भ करने के दिशा-निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि जो समिति प्रत्यक्ष रूप से आमजन के कार्यो से जुड़ी हुई है, वे जल्द बैठक कर आमजन से जुड़े लम्बित कार्यो का निस्तारण करते हुए आमजन को राहत दिलवाए। बैठक में निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी नवरतन विजयवर्गीय एवं श्याम सिंह ने राजस्थान नगर पालिका अधिनियम २००९ के अन्तर्गत समितियों का कार्य संचालन करने व आमजन की सुविधाओं के मध्यनजर अधिनियम के अनुरूप किए जा सकने वाले कार्यो की जानकारी दी।
ये हुए शामिल
नगर निगम सभागार में हुई बैठक में निगम की 18 कमेटियों के अध्यक्ष शामिल हुए। महापौर के अनुसार बैठक में प्रदीप उपाध्याय, मांगीलाल बिश्नोई, भंवर लाल साहू, विनोद कुमार धवल, मनोहरी देवी, लक्ष्मी कंवर हाडला, प्रमोद सिंह शेखावत, मुकेश पंवार, शिवचंद पडि़हार, किशोर आचार्य, सुनिता व्यास, अनूप गहलोत, संजय गुप्ता, दुलीचंद शर्मा, विरेन्द्र करल, रामदयाल पंचारिया, माणक लाल प्रजापत, सुमन छाजेड़ शामिल हुए।
ये है निगम समितियां
नगर निगम में स्वास्थ्य और स्वच्छता, भवन अनुज्ञा एवं संकर्म समिति, गंदी बस्ती सुधार समिति, नियम व उपविधि समिति, अपराधो का शमन और समझौता समिति, मार्केट लाइसेंस व राजस्व समिति, अग्निशमन, रैनबसेरा एवं आपदा प्रबंधन समिति, अवज्ञा एवं अतिक्रमण समिति, नगर विकास,उद्यान एवं सौन्दर्यकरण समिति, जनकल्याण, गौशाला एवं मेला उत्सव समिति, सार्वजनिक मार्गो, स्थानों और भवनों में रोशनी समिति, सीवरेज ड्रेनेज निस्तारण समिति, सार्वजनिक परिवहन एवं पर्यावरण समिति, महिला एवं बाल विकास समिति है। इनमें स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति और सार्वजनिक मार्गो, स्थानों और भवनों में रोशनी समिति की तीन-तीन समितियां गठित की हुई है।
यह है स्थिति
नगर निगम में समितियों के गठन को लेकर फरवरी से विवाद बना हुआ है। सात फरवरी को हुई बैठक में कमेटियों के गठन को जहां कांग्रेस पार्षद असंवैधानिक बताते हुए डीएलबी और सरकार तक शिकायत कर चुके है, वहीं महापौर अपने हस्ताक्षरों व मोहर से उक्त बैठक की कार्यवाही का विवरण जारी कर समितियों के गठन की घोषणा कर चुकी है।
उधर डीएलबी ने निगम आयुक्त से सात फरवरी की बैठक को लेकर विस्तृत और तथ्यात्म रिपोर्ट ली है। इस बीच रविवार को महापौर की अध्यक्षता में हुई निगम कमेटियों के अध्यक्षो की बैठक और प्रत्येक कमेटी की बैठक आयोजित कर आमजन के कार्यो के निस्तारण के निर्देश देने से आने वाले दिनों में निगम में कमेटियों का मुद्दा और गर्माने की संभावना बन गई है।
Published on:
01 Jun 2020 06:06 am
