
crime news: लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार
नोखा. कस्बे के एक युवक को शादी का झांसा देकर तीन लाख रुपए हड़पने और शादी के बाद गहने लेकर फरार होने वाली लुटेरी दुल्हन को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर नोखा लेकर आई है। पुलिस इस षडय़ंत्र में शामिल अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
सीआइ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि 14 मई को नोखा के वार्ड 26 निवासी नारायण पुत्र सुरजाराम स्वामी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि 29 मार्च को पश्चिम बंगाल के महेश चौधरी, उसकी पत्नी व साली प्रियंका एवं संजयदास उसके घर आए और उससे कहा कि उनके जानकारों द्वारा बताए पते के अनुसार वे यहां पर आए हैं। उनकी पुत्री प्रियंका अविवाहित है। वे प्रियंका की उसके साथ शादी करना चाहते हैं। यदि लड़की पसंद है, तो वे उसके साथ शादी करने को तैयार हैं। उसने शादी के लिए हां कह दिया तो कहा कि उनके यहां पर आने जाने का किराया व खर्च के तीन लाख रुपए उनको देने होंगे। इस पर वे प्रियंका की शादी उससे कर देंगे। आरोपी प्रियंका ने भी उस वक्त शादी करने के बाद उसके साथ रहने का भरोसा दिलाया था।
बाद में उसने तीन लाख रुपए दिए, तो उन दोनों की शादी नोखा के एक मंदिर में करवा दी गई। वह दोनों साथ-साथ रहने लगे। गत 13 मई को सुबह उसकी पत्नी प्रियंका बिना बताए घर से चली गई और घर में रखे सोने-चांदी के लाखों रुपए के गहने भी चोरी कर ले गई। उसकी तलाश की, जब नहीं मिली तो दिए मोबाइल नंबर पर बात की। उन्होंने कहा कि यह हमारा धंधा है। आज के बाद प्रियंका नोखा नहीं आएगी।
पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई, तो उनके कोलकाता में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कोलकाता पहुंचकर लुटेरी दुल्हन पश्चिम बंगाल की प्रियंका सरदर को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
Published on:
01 Jun 2022 01:04 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
