
मौका-मुआयना करते एएसपी ग्रामीण। फोटो पत्रिका नेटवर्क
नोखा (बीकानेर)। रासीसर गांव में एक ट्रक चालक की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने साजिश के तहत युवक के सिर पर कस्सी (फावड़े) से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर सीआइ अरविंद भारद्वाज मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बाद में सीओ जरनैल सिंह और एएसपी ग्रामीण बनवारी लाल मीणा भी पहुंचे और घटना स्थल का मौका-मुआयना किया। बीकानेर से एफएसएल और एमओबी टीमें भी पहुंची और वारदात स्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान रासीसर निवासी अनिल बिश्नोई के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर था। जानकारी के अनुसार अनिल सोमवार सुबह ही ट्रक लेकर गांव आया था और होटल के पास ट्रक खड़ा कर नहाने के लिए घर चला गया था। दिनभर वह घर पर ही था। शाम को जब पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों ने उसे चाय के लिए आवाज लगाई और कोई जवाब नहीं मिला, तो घर के अंदर दाखिल हुए। वहां गेट के पास ही अनिल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था।
हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घटनास्थल से खून से सना एक फावड़े बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि हमलावरों ने इसी हथियार से अनिल के सिर पर वार किए। संघर्ष के निशान और अत्यधिक रक्तस्राव से साफ है कि हमला बेहद घातक था।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और एमओबी की टीमों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी ग्रामीण मीणा ने मौका-मुआयना कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की और मामले के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। गांव में इस घटना के बाद से ही दहशत और शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक रासीसर निवासी भगवानाराम पुत्र रेडाराम बिश्नोई ने दी रिपोर्ट में बताया कि 23 मार्च को दोपहर करीब 4 बजे वह खेत पर काम कर रहा था। तभी उसके पास फोन आया कि घर के आंगन में पुत्र अनिल अचेत अवस्था में पड़ा है। उसने तुरंत घर आकर देखा तो अनिल अचेत अवस्था में खून से लथपथ पड़ा था। थोड़ी देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फिर उसे नोखा के राजकीय जिला अस्पताल में लेकर आए तो चिकित्सकों नें जांच कर उसके पुत्र अनिल को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
-अरविंद भारद्वाज, सीआई नोखा।
Updated on:
25 Mar 2026 04:53 pm
Published on:
25 Mar 2026 04:52 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
