11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

70 घण्टे बाद भी नहीं बंधी 75 फीट पाल, तीन दिन बाद भी पानी से घिरे हैं मकान

बीकानेर. वल्लभ गार्डन क्षेत्र में मंगलवार रात टूटा गंदा पानी का बांध शुक्रवार रात तक दुरुस्त नहींं हो पाया। बांध की करीब ७५ फीट तक टूटी पाल ७० घण्टे बाद भी नहीं बंध पाई। बांध की पाल टूटी होने से गंदा पानी आसपास के खेतों और आवासीय क्षेत्रों में पहुंच रहा है। इस वजह से आवासीय क्षेत्रों में मकान और खेतों में बनी झुग्गियां अब भी पानी से घिरी हुई हैं।
2 min read
Google source verification
Broken dam pal

नगर निगम ने शुक्रवार सुबह से पॉकलेन मशीन से मिट्टी डालने का काम शुरू किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण पाल बांधने में परेशानी आ रही है। निगम ने दो दिनों तक जेसीबी और डम्परों से मिट्टी डालकर पाल बांधने का प्रयास किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। अब पॉकलेन मशीन से पाल बांधने का काम शुरू किया गया है। दिनभर में करीब दस फीट तक पाल बनाई गई। निगम आयुक्त ने भी यहां पहुंचकर काम का निरीक्षण किया।

तीन-चार दिन लगेंगे
निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे ने बताया कि पॉकलेन मशीन से पाल को सही करने का काम शुरू हो गया है। उम्मीद है कि तीन से चार दिन में बांध की पूरी पाल बन जाएगी। पॉकलेन मशीन के साथ निगम की जेसीबी मशीनें और डम्पर भी पाल बांधने के काम में लगे हुए है। उन्होंने बताया कि बजरंग विहार में मकानों को पानी से नुकसान नहीं पहुंचे, इसके लिए रेत से भरे कट्टे भी भेजे जा रहे हैं।

कई मकान अब भी पानी से घिरे
बांध टूटने से बजरंग विहार कॉलोनी के लोग अधिक प्रभावित हुए हैं। तीन दिन बाद भी कई मकान गंदे पानी से घिरे हुए हैं। हालांकि कॉलोनी में पानी का स्तर कम हुआ है, लेकिन करीब एक दर्जन मकानों के चारों ओर पानी भरा हुआ है। कॉलोनी के पीछे झुग्गियां भी जलमग्न हैं। वहीं वल्लभ गार्डन क्षेत्र में भी गंदा पानी पहुंच रहा है। शुक्रवार को निगम अभियंता संजय ठोलिया, स्वास्थ्य अधिकारी अशोक व्यास सहित पार्षद आदर्श शर्मा कार्य स्थल पर मौजूद रहे।