
Chain snatching from women in Rewa
महिला के गले की चेन तोड़ ले गए बाइक सवार
बीकानेर. स्कूल से बच्चे को लेने जा रही महिला के गले से बाइक सवार युवक सोने की चेन तोड़ ले गए। महिला कुछ माजरा समझ पाती तब तक वे रफूचक्कर हो गए। बाद में पीडि़ता शार्दुलगंज क्षेत्र निवासी मीनाक्षी पत्नी देवेन्द्र बांठिया अपने पति के साथ सदर थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।
वारदात का पता चलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ की और युवकों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी भी कराई लेकिन वे हाथ नहीं लगे। सदर सीआई ऋषिराज सिंह शेखावत ने बताया कि सार्दुलगंज क्षेत्र निवासी मीनाक्षी बांठिया मंगलवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे स्कूल से बच्चे को लेने जा रही थी। वह ढोला मारु होटल के पीछे वाली गली में पहुंची तभी पीछे से बाइक पर दो युवक आए। युवकों ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ले गए। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि झपट्टा मारने के दौरान चेन का कुछ हिस्सा महिला के हाथ में छूट गया था। दोनों युवकों ने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। युवकों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी कराई लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले गया
बीकानेर . नयाशहर थाने में एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया है। लड़की के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि १८ जून को उसकी पुत्री को जैसलमेर निवासी त्रिलोक पुत्र मंगलाराम कुम्हार, बंगलानगर निवासी चेनाराम पुत्र सादलराम कुम्हार एवं रेखा पत्नी चेनाराम उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाज के अभाव में महिला की मौत
बीकानेर. पीबीएम अस्पताल में उपचार के अभाव में सोमवार शाम को एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हरियाणा के तेजाखेड़ा निवासी कुलदीप की पत्नी बबीता गर्भवती थी। उसकी तबीयत बिगडऩे पर परिजन उसे पीबीएम अस्पताल ला रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में उसका गर्भ (बच्चा) गिर गया। उसका पति उसे पीबीएम अस्पताल लेकर गया, जहां वह इलाज के लिए दर-दर भटकता रहा। उसकी कोई सुनवाई नहीं की गई। इसी बीच उसकी पत्नी की भी मौत हो गई। पीडि़त कुलदीप ने बताया कि उसकी पत्नी को मृत बच्चा हुआ। यहां पीबीएम में इलाज से पहले फाइल बनाने के लिए भटकाते रहे तब तक उसकी मौत हो गई।
Published on:
20 Jun 2018 10:07 am
