
बच्चों से अंग्रेजी में संवाद कर जाना शिक्षण स्तर
लूणकरनसर. प्रमुख शासन सचिव एवं जिला प्रभारी सचिव आलोक गुप्ता ने शनिवार को लूणकरनसर क्षेत्र का दौराकर सरकारी विद्यालयों, अस्पतालों व कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला प्रभारी सचिव गुप्ता ने यहां फूलदेसर के महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया।
मौके पर 10वीं कक्षा की छात्राओं से अंग्रेजी में संवाद कर शिक्षण स्तर जाना। उन्होंने छात्राओं से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा ग्रहण करने की रूचि तथा कैरियर को लेकर वार्ता की। मौके पर शाला में स्मार्ट क्लास रूम, मिड-डे-मिल, साफ-सफाई, नामांकन, स्टाफ समेत अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। इससे पूर्व सुरनाणा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। गांव में उचित मूल्य दुकानदार श्रवणराम के डिपो का अवलोकन कर जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली राशन सामग्री को लेकर जानकारी ली।
सीएचसी के पास गंदगी पर हुए नाराज
जिला प्रभारी सचिव गुप्ता ने लूणकरनसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां अस्पताल के पास गड्ढ़े व गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीज से वार्ता कर उपचार की जानकारी ली। मौके पर सीएमएचओ डॉ. अबरार अहमद व सीएचसी प्रभारी डॉ. विजेन्द्र मांझू से मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत लाभान्वितों की जानकारी ली तथा शत-प्रतिशत लोगों को योजना के तहत पंजीकरण करवाने के प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके बाद खिंयेरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां पंचायत समिति सभागार में ब्लॉक स्तरीय बैठक में विभागीय अधिकारियों से सरकार की योजनाओं को लेकर चर्चा की।
मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ओमप्रकाश, सीएमएचओ डॉ. अबरार अहमद, उपखण्ड अधिकारी राजेन्द्र कुमार भींचर, पुलिस वृत्ताधिकारी नोपाराम भाकर, तहसीलदार रामनाथ शर्मा, विकास अधिकारी शीला देवी, थानाधिकारी चन्द्रजीत ङ्क्षसह भाटी, जलदाय विभाग सहायक अभियंता भरत तंवर, निगम के सहायक अभियंता रामकुमार बिश्नोई, नोडल पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप चौधरी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी रेवन्तराम पडि़हार, रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक मनीष अवस्थी, सीडीपीओ निर्मला दुबे व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Published on:
13 Nov 2022 12:53 am
