
नवचयनित शिक्षकों की काउंसलिंग 16 को
बीकानेर. पिछले पांच दिन से जिला परिषद कार्यालय और जिला कलक्ट्रेट के बीच चक्कर लगा रहे दर्जनों नवचयनित अध्यापकों के प्रयास रंग लाए।
शुक्रवार को शिक्षक भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग कर विद्यालय आवंटन नहीं करने के मामले में जिला कलक्टर ने सीईओ को नोटिस व कार्यालय के कनिष्ठ सहायक पीयूष स्वामी को निलंबित कर दिया।
इसके बाद शनिवार को सीईओ कार्यालय में दिन भर कार्य चलता रहा। जिला परिषद कार्यालय भी निर्धारित समय से पहले ही खुल गया और डीईओ प्रारम्भिक शिक्षा, सीईओ व अन्य अधिकारी व कर्मचारी उक्त मामले को निपटाने में लगे रहे।
इसके बाद शाम को जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा ने इन नवचयनित अभ्यर्थियों की १६ अप्रेल को काउंसलिंग करवाने के आदेश जारी कर दिए। जिसमें राजस्थान प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक तृतीय श्रेणी अध्यापक सीधी भर्ती लेवल द्वितीय २०१८ रिशफल/प्रतीक्षा सूची के अंतर्गत गैर अनुसूचित क्षेत्र व अनुसूचित क्षेत्र के दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थी एवं रिशफल
परिणाम से अन्य जिलों से बीकानेर आए सभी विषयों के आशार्थियों की काउंसलिंग १६ अप्रेल को अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा अभियान हनुमानहत्था में होगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन सुबह ९ से १० बजे तक होगा। इसके लिए अभ्यर्थी अपना फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र मय फोटो प्रति के साथ काउंसलिंग के दिन उपस्थित हों।
Published on:
14 Apr 2019 12:26 pm
