
हरे पेड़ों पर चल रही कुल्हाड़ी, तस्कर कूट रहे चांदी,हरे पेड़ों पर चल रही कुल्हाड़ी, तस्कर कूट रहे चांदी
छतरगढ़. जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के सरकारी दावे तस्करों के आगे हवा हो रहे हैं। सरकार पेड़ों को बचाने के लिए करोड़ों खर्च कर लोगों में जागरुकता लाने जतन कर रही है, लेकिन जिम्मेदार महकमे की अनदेखी के चलते इस इलाके में हरे पेड़ों पर तस्करों की कुल्हाड़ी चल रही है।
जानकारी के मुताबिक हरे पेड़ों की कटाई के बाद लकड़ी तस्कर छतरगढ़, आवा, चार एडब्लूएम, सतासर,खारवाली, संसारदेसर, राजासर भाटियान, मोतीगढ़, डंडी आदि क्षेत्र से आधी रात को कारखानों तक पहुंचा रहे हैं। हद तो इस बात की है कि वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं है। यह वजह है कि तस्कर पेड़ों को बेखौफ बेचकर चांदी कूट रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों को कहना है कि यदि इसी तरह बेरोकटोक पेड़ों की कटाई होती रहेगी, तो एक दिन धोरों पर रूंख बचेंगे ही नहीं और ना ही वन्यजीव बचेंगे। विभाग की मिलीभगत से रोजाना सैकड़ों पेड़ तस्करी की भेंट चढ़ रहे हैं। जब इसकी जानकारी दी जाती है, तो कार्रवाई के नाम पर महज खानापूर्ति कर छोड़ देते हैं।
ऐसे उठा रहे मजबूरी का फायदा
तस्करी के इस काले धंधे से जुड़े लोग किसानों को लालच देकर खेतों में खड़े हरे पेड़ों को कटवा रहे हैं। इसके अलावा सरकारी व वन विभाग की जमीन से भी पेड़ों का साफ करवा रहे हैं। इसके बाद श्रीगंगानगर के रावला, घड़साना, रामसिहपुर व बीकानेर नजदीकी चूना फैक्ट्रियों सहित अन्य कस्बों में महंगे दामों पर बेच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार देर रात्रि को छतरगढ़ क्षेत्र में हरे पेड़ों को काटकर बड़े ट्रैक्टर रेड़े में भरकर श्रीगंगानगर सीमा की ओर ले जाया जा रहा था। इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। हाइवे पर होटल संचालित करने वाले लोगों व जागरूक नागरिकों ने बताया कि लकड़ी तस्कर पेड़ों की कटाई कर जीपों, ट्रकों व ट्रोलियों के माध्यम से श्रीगंगानगर सीमा के विक्रय कर रहे हैं।
कार्रवाई करेंगे
पुलिस समय-समय पर लकड़ी तस्करों के खिलाफ वन विभाग टीम के साथ कार्रवाई करती है। ऐसी शिकायत नहीं मिली है। इस सबंध में पुलिस व वन विभाग अधिकारियों व कर्मचारियों को पांबद किया जाएगा। एसडीएम कार्यालय भी सूचना मिलने पर लकड़ी तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
राजेन्द्र कुमार वर्मा, एसडीएम, छतरगढ़
छतरगढ़ के विभिन्न इलाकों में हरे पेड़ों की कटाई के मामले को लेकर एक टीम का गठन किया जाएगा। टीम मौके पर जाकर जांच करेगी। इसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वीरभद्र मिश्रा, उपवन संरक्षक, छतरगढ़
Published on:
21 Dec 2023 01:16 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
