
विद्युत निगम
महाजन. कृषि कुओं के कारण शेरपुरा क्षेत्र में महज 6 घंटे ही थ्री फेस विद्युतापूर्ति होने से पेयजल सहित अन्य विद्युत संचालित कार्य प्रभावित हो रहे है। इससे ग्रामीणों में रोष पनप रहा है।पंचायत समिति सदस्य राजेश सियाग ने बताया कि शेरपुरा सहित ढाणी छिल्लां, खोडां आदि में कृषि फीडर अलग से नहीं होने के कारण घरेलू उपभोक्ताओं को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि 6 घण्टे थ्री फेस आपूर्ति में भी बार-बार ट्रिपिंग होने व आपूर्ति बन्द होने से हालात बिगड़ रहे है। शेष समय में कभी एक दो कभी दो फेस विद्युतापूर्ति होने व वोल्टेज में उतार-चढ़ाव होने से वाटर वक्र्स की मोटरें नहीं चल पाती है। इससे सर्दी के मौसम में भी ग्रामीण पेयजल संकट का सामना कर रहे है। पानी की आपूर्ति लडख़ड़ाने से 500 रुपये प्रति टैंकर की दर से नहर का बिना फिल्टर किया पानी खरीदना पड़ रहा है।
विद्युत अव्यवस्था के कारण गांवों में उद्योग धंधों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। सियाग ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व शेरपुरा में स्वीकृत हुआ 33 केवी के जीएसएस का निर्माण भी आज तक नहीं हो पाया है। विद्युत निगम के अधिकारी दस-पन्द्रह दिन में कपूरीसर जीएसएस से विद्युत लाइन डालकर जीएसएस शुरू करवाने की बात कह रहे है लेकिन मार्च-अप्रेल तक विद्युत लाइन डालना संभव नजर नहीं आ रहा।
विद्युत भार बढ़ाने से किसानों में रोष
साधासर. क्षेत्र के गांवों के कृषि कुओं पर विद्युत निगम के अधिकारियों द्वारा अनाधिकृत रूप से बढ़ाए जा रहे विद्युत भार से रोष व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि निगम के अधिकारी विद्युत लोड चैक कर रहे हैं। जबकि विभाग द्वारा कम वोल्टेज की विद्युत उपलब्ध करवाने के कारण किसानों को वोल्टेज बढ़ाने के लिए उक्त यंत्र का उपयोग करना पड़ता हैं।
इसका लोड किसानों के खातों में जोडऩे से दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। विद्युत लोड जांच करवाने की मांग पंचायत समिति सदस्य कानीराम तर्ड ने पंचायत समिति की साधारण सभा में रखी। उन्होंने बताया कि कृषि कनेक्शन का लोड चैक कराने के लिए किसान सहमत हैं लेकिन अधिकारी आनाकानी कर रहे हैं।
विद्युत उपभोक्ताओं को मिलेगी छूट
श्रीडूंगरगढ़. विद्युत उपभोक्ता व गैर उपभोक्ताओं के विरूद्ध विद्युत चोरी या दुरुपयोग की सतर्कता जांच 30 जून 2016 से पहले की भरी है तथा अभी तक जुर्माना नहीं जमा करवाया है, उनको निगम छूट देगा। उन उपभोक्ता के लिए वीसीआर का निस्तारण जुर्माना राशि का पचास प्रतिशत पचास हजार रुपए के लिए व 10 प्रतिशत पचास हजार से अधिक राशि के लिए जमा करवा कर निस्तारण करने की प्रक्रिया की रही है। विद्युत निगम के सहायक अभियन्ता डी.सी. बेनीवाल ने बताया की इस योजना का लाभ 31 दिसम्बर 2017 तक सहायक अभियन्ता कार्यालय में मिल सकेगा।
अवकाश में भी खुलेंगे कार्यालय
श्रीडूंगरगढ़. विद्युत वितरण निगम के सभी कार्यालय अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे। सहायक अभियन्ता ऊपनी ने बताया कि शनिवार व रविवार को राजस्व वसूली के लिए विद्युत निगम के सभी कार्यालय खुले रहेंगे। इस दौरान कोई भी उपभोक्ता कार्यालय समय में विद्युत बिल जमा करवा सकेगा। साथ ही विद्युत विपत्रों की त्रुटियों का निस्तारण किया जाएगा।
Published on:
30 Dec 2017, 12:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.