
Fault in power lines
बीकानेर. लगातार हो रही बारिश के कारण शहरी क्षेत्र में बिजली लाइनों में फॉल्ट की शिकायतों का अंबार लग रहा है। घरेलू व सर्विस लाइनों में फॉल्ट आ रहे हैं। पुरानी लाइनें टूट भी रही हैं। इन दिनों रोजाना 250 शिकायतें दर्ज हो रही हैं। बिजली कंपनी का दावा है कि फॉल्ट का निस्तारण तुरंत किया जा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त टीमें लगाई गई हैं। बारिश के मौसम में लोग सुरक्षित रहें, इसके लिए बिजली बिलों के साथ जागरूकता संदेश भी भेजे जाएंगे।
चार हजार लोहे के पोल
शहरी क्षेत्र में लोहे के चार हजार से भी अधिक पोल हैं। इनमें छह सौ पोल पर अर्थिंग कर दी गई है, ताकि करंट की आशंका नहीं रहे। बाकी पोल पर अर्थिंग वायर लगाने का काम नए साल में किया जाएगा।
मवेशियों की आफत
शहरी क्षेत्र में इन दिनों रोजाना एक-दो मवेशी करंट की चपेट में आकर जान गंवा रहे हैं। बिजली कंपनी के प्रतिनिधियों का दावा है कि बिजली की लाइनों से अभी तक दो-तीन गोवंश की मौत हुई, जबकि रोड लाइटों, हाईमास्ट लाइटों, डिश केबल में करंट आने से आए दिन घटनाएं हो रही हैं। कंपनी के डी. चटर्जी ने बताया कि शहर में लगभग सभी क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग की हुई है। पुरानी सर्विस लाइनों को बदला जाएगा।
करंट से बचने के लिए सड़क पर ये सावधानी बरतें
पानी के समीप या बारिश के उपकरणों का इस्तेमाल न करें।
खिड़कियां व बरामदे के नजदीक से गुजरने वाले बिजली के तारों के पास गीले कपड़े नहीं फैलाएं।
बारिश के समय या जहां पानी एकत्र है, उस दौरान बिजली खंभों या पिलर बॉक्स के करीब जाने से बचें।
आंधी-तूफान के दौरान बिजली के खंभों और ओवरहेड लाइन के पास जाने से बचें।
घर पर यह रखें ध्यान
गीले हाथों से बिजली का स्विच न छुएं।
गीले फर्श पर या भीगे हों तो कभी भी बिजली के उपकरण चालू नहीं करें।
तूफान और बिजली कड़कने के दौरान फ्रिज, टीवी, एसी, कम्प्यूटर आदि को बचाने के लिए पावर प्लग बाहर निकाल लें।
Published on:
01 Jul 2018 10:06 am
