
Gaurav Yatra
बीकानेर. बीकानेर में राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधराजे बस से यात्रा करेंगी । वे जिले में देशनोक तक हेलिकॉप्टर से जाएंगी और देशनोक से बस से यात्रा शुरू होगी । गौरव यात्रा में मुख्यमंत्री का पलाना, देशनोक, भीनासर, गंगाशहर से स्वागत शुरू होगा। पूरे शहर में विभिन्न मण्डलों, प्रकोष्ठों और मार्चों की ओर से स्वागत किया जाएगा । बीकानेर जिले में पूगल, लूणकरनसर और देशनोक में जनसभाएं होंगी ।
हर जनसभा में कम से कम २५ हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है । जयपुर में राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर हुई बैठक में यात्रा का रोडमैप तैयार किया गया । बैठक में सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और प्रभारियों को बुलाया गया । बीकानेर से तीन विधायक डॉ. गोपाल जोशी, सिद्धि कुमारी और किसनाराम नाई बैठक में शामिल नहीं हुए। सांसद अर्जुनराम मेघवाल, संसदीय सचिव डॉ. विश्वनाथ, भाजपा शहर और देहात अध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्रवार यात्रा प्रभारियों ने इसमें हिस्सा लिया ।
चूरू से शुरुआत
बीकानेर संभाग की गौरव यात्रा चूरू से शुरू होगी। बाद में हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर होते हुए मुख्यमंत्री १० सितम्बर का रात्रि विश्राम अनूपगढ़ में करेंगी । वहां से गौरव रथ यात्रा में मुख्यमंत्री ११ सितम्बर को सुबह १० बजे अनूपगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आमसभा करेंगी । अगला पड़ाव लूणकरनसर विधानसभा क्षेत्र होगा । वे हेलिकॉप्टर से ११ बजे लूणकरनसर पहुंचेंगी । वहां आमसभा होगी । इसके बाद मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से १ बजे पूगल जाएंगी । पूगल में खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र की आमसभा होगी । वे पूगले से हेलीकाप्टर से ढाई बजे देशनोक रवाना होंगी । वहां श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र की आमसभा होगी । मुख्यमंत्री की यात्रा देशनोक से साढ़े पांच बजे बीकानेर के लिए बस से रवाना होगी । बीकानेर पूर्व एवं बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री ११ सितम्बर को रात्रि विश्राम लालगढ़ पैलेस में करेंगी ।
Published on:
22 Aug 2018 09:50 am
