
बीकानेर। घरेलू कलह के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की पहले गला घोंटकर हत्या की फिर खुद ने भी जान दे दी। वारदात गुरुवार-शुक्रवार मध्यरात्रि करणी नगर बी सेक्टर के मकान में हुई। किराया के मकान में रहने वाली दम्पती की तीन साल की बेटी भी कमरे में मौजूद थी। जो पूरे घटनाक्रम से अनभिज्ञ बैड पर सोती रही। देर सुबह तक मकान में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। किसी ने नहीं खोला तो पुलिस को सूचना देकर बुलाया।
बीछवाला थाना से मौके पर पहुंचे थानाधिकारी महेन्द्र दत्त शर्मा ने बताया कि मकान का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया तो अंदर कमरे में बैड पर युवती पूनम देवी (30) का शव पड़ा था। उसकी गला दबाकर हत्या की हुई थी। पास में तीन साल की बच्ची सो रही थी। इसी कमरे में छत में लगी कुंडी से डाले फंदे पर अमित कुमार जाट (32) का शव लटक रहा था। मौके के हालात और आस-पड़ोस से जानकारी जुटाई गई है।
पुलिस ने अमित और पूनम के परिवारजनों को घटनाक्रम की जानकारी देकर दोनों शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए है। सुबह 11 बजे झुंझुनूं से परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम भी मौका मुआयना करने पहुंची। साथ ही डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को बुलाया गया। आईजी कार्यालय की सुसाइड प्रिवेसिव सेल प्रभारी एएसपी अंजुम कायल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
Published on:
02 Feb 2024 07:34 pm
