
Rajasthan Sanskrit Teacher Transfer: (फाइल फोटो-पत्रिका)
बीकानेर। राजस्थान शिक्षा विभाग में तबादलों का दौर जारी है। अब संस्कृत शिक्षा विभाग में भी बड़े स्तर पर तबादलों का दौर शुरू हो गया है। विभाग ने प्रदेशभर में 82 प्रधानाचार्यों और 225 व्याख्याताओं के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। नए आदेशों के अनुसार सभी संबंधित कार्मिकों को 10 दिनों के भीतर कार्यमुक्त होकर नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। इस व्यापक फेरबदल का असर प्रदेश के कई जिलों के साथ-साथ बीकानेर जिले में भी देखने को मिलेगा।
संस्कृत शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों में कुछ विशेष प्रावधान भी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि टीएसपी (अनुसूचित जनजाति क्षेत्र) से गैर-टीएसपी तथा गैर-टीएसपी से टीएसपी क्षेत्र में स्थानांतरित किए गए कार्मिकों को फिलहाल कार्यमुक्त या कार्यग्रहण नहीं कराया जाएगा। ऐसे मामलों में अलग से जारी होने वाले निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार परिवीक्षाधीन (प्रोबेशन) कार्मिकों को भी फिलहाल कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी ऐसे कर्मचारी का नाम सूची में शामिल है, जो सेवानिवृत्त हो चुका है या जिसकी सेवा समाप्त हो चुकी है, तो संबंधित कार्यालय को इसकी सूचना विभाग को भेजनी होगी, ताकि आवश्यक संशोधन किया जा सके।
तबादला सूची में बीकानेर जिला भी प्रमुख रूप से प्रभावित हुआ है। प्रधानाचार्य स्तर पर 5 सीएचएम काकरवाला के प्रधानाचार्य भवानी शंकर शर्मा का स्थानांतरण सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ किया गया है। वहीं नापासर रोड बेलासर के प्रधानाचार्य विजयेन्द्र कुमार शर्मा को सीकर जिले के मुंडरू भेजा गया है।
व्याख्याता स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। परवीन शर्मा (हिंदी) को कठाड़ी से रानी बाजार (बीकानेर), राजकुमार मेघवाल (इतिहास) को धौलपुर से नापासर रोड बेलासर तथा रुकमणी सुंडा (व्याकरण शास्त्र) को पीएमश्री शेखसर बास खोडाला विद्यालय में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा रामावतार तिवारी (साहित्य शास्त्र) को 5 सीएचएम काकरवाला से धीरदेसर पुरोहितान, कपिल देव स्वामी (हिंदी) को साबुआना से धीरदेसर पुरोहितान तथा तोलाराम जाखड़ (हिंदी) को चूरू से भगवानपुरा (बीकानेर) स्थानांतरित किया गया है।
वहीं बीकानेर से भी कई व्याख्याताओं को अन्य जिलों में भेजा गया है। मक्खनलाल शर्मा का तबादला रानी बाजार से चूरू तथा सागरमल मीणा का नाथूसर मलियान से जयपुर किया गया है। इसके अलावा अन्य कई शिक्षकों के भी विभिन्न जिलों में स्थानांतरण हुए हैं।
संस्कृत शिक्षा विभाग की यह तबादला सूची नए शैक्षणिक सत्र से पहले प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बड़ी संख्या में हुए इन स्थानांतरणों से कई विद्यालयों में नई जिम्मेदारियां तय होंगी और रिक्त पदों की पूर्ति के साथ शिक्षण व्यवस्था को अधिक संतुलित बनाने का प्रयास किया जाएगा।
Updated on:
09 Jul 2026 08:48 pm
Published on:
09 Jul 2026 08:38 pm
