
परीक्षा के दिनों में किसी छात्र की कॉपी में गलत उत्तर होने पर गुरुजी उस कॉपी में गोला लगा देते हैं। अब यही परिपाटी गुरुजी के स्वयं की परीक्षा की कॉपी में भी अपनाई जाएगी। यह गोला उन शिक्षकों की कॉपी में लगाया जाएगा, जो महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल एवं विवेकानंद मॉडल स्कूल में पदों को भरने के लिए 25 अगस्त को प्रस्तावित चयन परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें चयनित होने के लिए उन्हें कम से कम 40 अंक लाने अनिवार्य होंगे। अगर इससे कम अंक आए, तो उन शिक्षकों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाने के लिए योग्य नहीं माना जाएगा। चयन को लेकर शिक्षा विभागीय पंजीयक ने लंबी-चौड़ी गाइड लाइन जारी की है। बताया जा रहा है कि शिक्षकों की आंतरिक परीक्षा में यह पैटर्न पहली बार अपनाया गया है।
पांच गोलों में किसी एक को काला करना जरूरी
चयन परीक्षा के प्रश्न पत्र के 100 प्रश्नों को हल करने के लिए 90 मिनट का समय दिया जाएगा। उत्तर शीट के गोलों को भरने के लिए अतिरिक्त दस मिनट अर्थात कुल सौ मिनट का समय दिया जाएगा। परीक्षा केन्द्रों में ड्यूटी देने वाले वीक्षकों को भी परीक्षार्थियों को इसकी जानकारी देनी होगी। इसमें चार तो प्रश्नों के उत्तर से संबंधित गोले होंगे। यदि कोई प्रश्न को हल नहीं करना चाहता है , तो उसे ई अर्थात पांचवें गोले को काला करना होगा। अगर किसी परीक्षार्थी ने ऐसा नहीं किया, तो उसका 1/4 अंक काटा जाएगा। यदि कोई परीक्षार्थी कुल प्रश्नों में से दस प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में पांचों गोलों में से किसी भी गोले को काला नहीं करेगा, तो वह अयोग्य घोषित होगा।
अंग्रेजी शिक्षकों को अलग रखा जाएगा ड्यूटी से
चयन परीक्षा के दौरान जिस परीक्षा केन्द्र में अंग्रेजी विषय के शिक्षक कार्यरत हैं। उनकी इस परीक्षा में ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। जबकि अन्य सभी विषयों के शिक्षकों को केन्द्राधीक्षक, वीक्षक एवं सुपरवाइजर बनाया जाएगा। परीक्षा केन्द्र में 24 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक एवं चार कक्ष पर एक सुपरवाइजर तैनात किया जाएगा।
87 हजार से अधिक आए आवेदन
अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ाने के लिए 87 हजार से अधिक शिक्षकों ने आवेदन जमा कराया है। इसमें अधिकांश थर्ड ग्रेड शिक्षक ही शामिल हैं। इनमें भी अधिकतर लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे हैं। अब उन्होंने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में चयनित होने के लिए यह रास्ता निकाला है।
Updated on:
23 Aug 2024, 1:55 AM IST
Published on:
23 Aug 2024, 1:54 AM IST
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.