
बढ़ी चोरी की वारदातें, निशाने पर सूने मकान
नोखा. सूने व बंद मकानों में चोरी करने के साथ ही अब चोर गिरोह दुपहिया वाहन भी चुरा रहे हैं। चोर पुलिस को ठेंगा दिखाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस उनके गिरेबान तक नहीं पहुंच पा रही है। पुलिस पुरानी वारदात का खुलासा कर पाती, इससे पहले ही नई वारदात हो जाती है।
शहरी क्षेत्र में सक्रिय गिरोह के निशाने पर दुपहिया वाहन और सूने मकान है। क्षेत्र में बीते 10 दिन में दो सूने मकानों से लाखों के जेवरात व नकदी, एक बाइक और आधा दर्जन पशु चोरी हो गए हैं। इनकी रिपोर्ट भी थाने में दी गई हैं, लेकिन पुलिस ने वारदात स्थल का मौका-मुआयना करने और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने से ज्यादा कुछ नहीं कर पाई है। पुरानी चोरियों का पर्दाफाश नहीं होने और बढ़ती चोरियों से लोगों में रोष व्याप्त है।
परिवार गया बाहर, चोर 16 लाख के जेवरात ले गए
कस्बे के छोटूनाथ नगर में नौ दिन पहले चोर एक बंद मकान के ताले तोड़कर करीब 16 लाख के जेवरात व एक लाख नकदी चोरी कर ले गए थे। पीडि़त मुकेश लखारा ने रिपोर्ट में बताया था कि वह परिवार सहित अमृतसर गया था। चार जनवरी को वापस आकर देखा तो घर के ताले टूटे थे। घर में रखे करीब 16 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व एक लाख रुपए गायब थे।
बंद मकान में हुई चोरी
कस्बे में दो दिन पहले चोरों ने एक बंद मकान में सेंधमारी कर जेवरात व नकदी रुपए चोरी कर ले गए। पीडि़त दीपाराम मेघवाल ने रिपोर्ट में बताया कि उसके दादा का निधन होने पर वह 11 जनवरी को परिवार सहित गांव दावां गया था। अगले दिन 12 जनवरी को पड़ौसी सुरजाराम ने फोन कर उसके घर में चोरी होने की सूचना दी। उसने आकर देखा तो घर के ताले टूटे थे। चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे और कमरों के ताले तोड़कर बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात व 53 हजार रुपए चोरी कर ले गए।
बाजार से बाइक चोरी
नोखा के जैन चौक से तीन-चार दिन पहले एक बाइक चोरी हो गई थी। पीडि़त राधेश्याम सुथार ने अपनी बाइक चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी।
तीन गांवों में पशु चोरी
गांवों में इन दिनों पशु चोर भी सक्रिय हो रहे हैं। करीब आठ दिन पहले दावां, सीलवा और टांट गांव में आधा दर्जन पशु चोरी हो गए थे। ग्रामीणों ने सीसीटीवी कैमरे देखे, तो उसमें एक बिना नंबर की गाड़ी से बकरा-बकरी चोरी होने की बात सामने आई है।
विशेष टीम गठित की
चोरी की वारदातों को खुलासा करने के लिए थाना सर्किल में एक विशेष टीम गठित की गई है, जो चोरी की घटनाओं पर काम कर रही है। शीघ्र ही चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करेंगे।
-संजय बोथरा, सीओ नोखा।
Published on:
14 Jan 2024 05:53 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
