10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भूमाफिया बेखौफ, चेतावनी के बावजूद कर रहे अतिक्रमण

मण्डी विकास समिति बीकानेर व सिंचाई विभाग की अनदेखी: अतिक्रमियों में जमीन हथियाने की मची होड़
2 min read
Google source verification
भूमाफिया बेखौफ, चेतावनी के बावजूद कर रहे अतिक्रमण

भूमाफिया बेखौफ, चेतावनी के बावजूद कर रहे अतिक्रमण

छतरगढ़़. कस्बे पर इन दिनों भूमाफिया बेखौफ हैं। इन्हें ना प्रशासन का डर है और ना ही पुलिस से कोई भय है। कस्बे में भारतमाला सड़क परियोजना नेशनल हाईवे 911 पर आवा चौराहे स्थित बीकानेर मण्डी विकास समिति के स्वामित्व वाली करोड़ों की व्यावसायिक प्रयोजन की बेशकीमती जमीनों पर खुलेआम कब्जा कर रहे है।

स्थानीय प्रशासनिक अनदेखी के चलते इस सरकारी भूमि को हथियाने की होड़ मची हुई है। गौरतलब है कि नेशनल हाईवे-911 पर अनाज मंडी से तहसील कार्यालय आने वाली सड़क, आवा चौराहे के काली माता मंदिर सामने व आवा सड़क से अर्जुननगर के बीच बीकानेर मण्डी विकास समिति के व्यावसायिक भूखण्ड हैं। इन भूखण्डों पर कई महीनों से भूमाफिया की नजरें है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रंगीला चौक की ओर सरकारी अस्पताल चौराहे से आगे सदर बाजार जाने वाली सड़क पर भी खाली जमीन पर भी अतिक्रमण किया जा रहा है। हालांकि गत 20 अगस्त को एसडीएम राजेंद्र कुमार भींचर ने प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस जाब्ते को लेकर इस जमीन पर अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाया गया था। इसके बाद से मण्डी व राजस्व प्रशासन द्वारा सार-संभाल नहीं होने पर फिर से भूमाफिया की नजर लग गई है।

कॉलोनी में कब्जा कर बनाई जा रही पक्की दुकानें
जिला प्रशासन एवं सिंचाई विभाग की अनदेखी से सिंचाई विभाग आवासीय कॉलोनी में भी बिना बेचे गए भूखण्डों पर भूमाफिया बेरोकटोक पक्का निर्माण कार्य कर रहे हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों द्वारा कई बार स्थानीय प्रशासन व संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाने पर भी सुनवाई नहीं की जा रही है। ऐसी स्थिति में सिंचाई पानी की आवासीय कॉलोनी की सूरतगढ़ रोड़, सरकारी अस्पताल मार्ग, प्राइवेट बस स्टैंड सहित अन्य जगहों पर दर्जनों की संख्या में बहुमंजिली इमारतें बनाने के लिए भूमाफियाओं द्वारा अतिक्रमण का सिलसिला जारी है।

सिंचाई विभाग की कॉलाेनी में भी सक्रिय
इंदिरा गांधी नहर परियोजना बनाने के दौरान यहां से संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सिंचाई विभाग की ओर से क्वार्टर बनाए गए थे। वर्तमान समय में इस कॉलोनी में भी भूमाफिया ने लोगों को डरा-धमकाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। वहीं करीब पचास साल पुराने सरकारी क्वार्टर जर्जर हालत में होने कारण यहां रहने वाले परिवारों की जान सांसत में है।

प्रशासन सुस्त
प्रदेशभर में भूमाफिया द्वारा जमीनों पर अतिक्रमण करने मामलों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर गत 8 दिसंबर को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता हुई बैठक में प्रशासन व पुलिस को कमेटी गठित कर ऐसे मामलों में सख्त व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन सरकार के आदेशों की पालना को लेकर जिला व स्थानीय प्रशासन सुस्त नजर आ रहा है।

इनका कहना है
सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जा कर बैठे अतिक्रमियों को नोटिस जारी किए हैं। इस संबंध में उपखंड अधिकारी को भी अवगत कराया जा चुका है। प्रशासन की ओर से जाब्ते के साथ आदेश दिया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
संजीव कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग छतरगढ़़

जानकारी लेकर करेंगे कार्रवाई
छतरगढ़़ में मण्डी विकास समिति व छतरगढ़़ सिंचाई विभाग की जमीनों पर अतिक्रमण करने के मामले की पूरी जानकारी विस्तार से ली जाएगी तथा प्रशासन से मौका मुआयना करवाकर कार्रवाई की जाएगी।
भगवती प्रसाद कलाल, अध्यक्ष, मंडी विकास समिति एवं जिला कलक्टर