
घड़ी शुभ आज की आई, कृष्ण घर नन्द के आए बधाई
बीकानेर. नन्द के आनन्द भयो जय कन्हैया लाल की, घड़ी शुभ आज की आई, कृष्ण घर नन्द के आए, बधाई है बधाई सरीखे जयकारों व बधाई गीतों की गूंज शनिवार को कृष्ण मंदिरों और घरों में रही। शुक्रवार को जन्माष्टमी पर्व मनाने के बाद शनिवार को नन्दोत्सव के आयोजन हुए। भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को माखन मिश्री का भोग अर्पित किया गया। कान्हा को झूले में बिठाकर झुलाया गया। विभिन्न पकवानों की मनुहार की गई। कान्हा के जन्म की खुशी में बधाइयां बांटी गईं।बड़ा गोपाल मंदिर में दही हांडी और कान्हा का 125 किलोग्राम पंचामृत से अभिषेक किया गया। आयोजन से जुड़े नारायण दास व्यास व गोपाल व्यास ने बताया कि नन्दोत्सव में अभिषेक, पूजन के साथ आरती हुई। कान्हा के बाल स्वरूप के रूप में एक छोटे बालक को कृष्ण स्वरूप देकर उसका पूजन किया गया। पंचामृत से पांव धोए गए। महिलाओं व युवतियों ने बधाई गीतों का गायन किया। शहर के विभिन्न्न कृष्ण मंदिरों में नन्दोत्सव मनाया गया। ठाकुरजी की पूजा अर्चना की गई।
माखन-मिश्री व दही-टिकला का वितरण
मरुनायक चौक स्थित मरुनायक मंदिर में ठाकुरजी की पूजा अर्चना कर दही टिकला का वितरण श्रद्धालुओं में किया गया। पुष्टिमार्गीय मंदिरों में नन्दोत्सव मनाया गया। ठाकुरजी की पूजा अर्चना व श्रृंगार कर श्रद्धालुओं में माखन मिश्री प्रसाद का वितरण किया गया। दूध दही का छिड़काव किया गया। बधाई गीत व कीर्तन हुए।
गाजे-बाजे से निकली कृष्ण झांकीदम्माणी चौक बड़ा गोपाल मंदिर से भगवान श्री कृष्ण की झांकी गाजे-बाजे से निकली। झांकी में नंद बाबा व कृष्ण के बाल स्वरुप की सजीव झांकी सजाई गई। गोविन्द नारायण व्यास ने नंद बाबा की भूमिका निभाई। झांकी दम्माणी चौक से लालाणी व्यास चौक, कीकाणी व्यास चौक, मूंधड़ा चौक, हर्षो का चौक, मोहता चौक, लखोटिया चौक, बिन्नाणाी चौक, गोपीनाथ भवन होते हुए दम्माणी चौक पहुंची। झांकी में युवतियां व महिलाएं कृष्ण भजनों व जयकारों के बीच गायन-नृत्य करते हुए शामिल हुईं। झांकी का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान नारायण दास व्यास, मनमोहन व्यास, रामनारायण व्यास, गोपाल व्यास, गणेश दास व्यास, मदन मोहन व्यास, के के पुरोहित हरीश रंगा, गोरधन, देवकिशन व्यास, कुंज व्यास, भंवरी देवी, शशि पुरोहित, अंशु हर्ष, पीयुष हर्ष सहित बड़ी संख्या में पुरुष, महिला, युवक, युवतियां आदि शामिल रहे।
Published on:
20 Aug 2022 11:30 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
