
सब अपराध क्षमा कर शंकर, किंकर की विनती सुनियो
बीकानेर. ‘बम बम भोले’, ‘शीश गंग अर्धांग पार्वती’ और ‘ओम जय शिव आेंकारा’ सरीखे जयकारों और स्तुति गान की गूंज मंगलवार को घर-घर और शिवालयों में रही। महाशिवरात्रि पर शिवभक्त भगवान शंकर की पूजा-अर्चना, अभिषेक-पूजन में जुटे रहे। मंदिरों में घंटियों की टंकार और झालर की झंकार के साथ महादेव के जयकारों की गूंज रही। रुद्राष्टध्यायी पाठ के मंत्रोच्चारण के बीच महादेव का जल, गंगाजल, दूध, दही, गन्ना रस, विजया, शहद, शर्करा, घृत से अभिषेक के आयोजन हुए। भगवान शिव के १००८ नामों के उच्चारण के साथ बिल्वपत्र अर्पण किए गए।
शिव मंदिरों में अलसुबह से शुरू हुआ महादेव के अभिषेक-पूजन का दौर मध्यरात्रि बाद तक चला। दर्शन-पूजन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगीं। भोलेनाथ का भस्म, आक, धतूरा, विभिन्न प्रकार के पुष्पों से शृंगार किया गया।
दिन भर चले अभिषेक-पूजन के दौर
महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ मंदिर, गज गंगेश्वर मंदिर, रत्नेश्वर महादेव, जबरेश्वर महादेव, अचेश्वर महादेव, नाटेश्वर महादेव, आत्मेश्वर महादेव, गोपेश्वर महादेव, भूतनाथ महादेव, मार्कण्डेश्वर महादेव, लालेश्वर महादेव, पातालेश्वर महादेव, जबरेश्वर महादेव, मानेश्वर महादेव, गौरी शंकर महादेव, कसौटीनाथ महादेव, बारह महादेव, शिखरबंद महादेव, ब्रह्म सागर महादेव मंदिर, अमरसिंहपुरा स्थित, नत्थूसर गेट बाहर जोशी बगीची महादेव मंदिर, गोकुल सर्कल स्थित सूरदासाणी बगीची स्थित महादेव मंदिर सहित शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित महादेव मंदिरों में अलसुबह से मध्यरात्रि बाद तक चार पहर अभिषेक, पूजन और आरती के आयोजन हुए।
भक्ति जागरण और भजन-कीर्तन
महाशिवरात्रि पर शहर के कई शिवालयों में भक्ति जागरण और भजन-कीर्तन के आयोजन हुए। स्थानीय कलाकारों सहित शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ के भजनों, स्तुतियों की प्रस्तुतियां दी। घर-घर में भी जागरण व भजनों के आयोजन हुए।
शिव परिवार मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा
जयनारायण व्यास कॉलोनी के सेक्टर 6 स्थित हनुमान मंदिर पार्क में शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा मंगलवार को हुई। शि़क्षा मंत्री डॉ.बीडी कल्ला ने मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा मंत्रोच्चारण के बीच की। दुर्गा पाठ व वास्तु जाप हुआ। इससे पहले मूर्ति का नगर भ्रमण हुआ।
मध्यरात्रि बाद तक चले चार प्रहर पूजन
कोटगेट, सट्टा बाजार व्यापार मंडल की ओर से भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना कर दो क्विंटल दूध से बने राबडि़या का भोग अर्पित कर वितरण किया गया। राजीव नगर वाल्मीकि शमशान भूमि में बाबा भूतनाथ मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस दौरान शोभायात्रा निकाली गई। अभिषेक, पूजन और आरती का आयोजन हुआ। मुक्तिनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा अर्चना हुई। ब्रह्म बगीचा स्थित मुक्तिनाथ महादेव की पूजा-अर्चना और अभिषेक का आयोजन हुआ। रात को चार प्रहर विशेष पूजन हुआ।
Published on:
02 Mar 2022 09:43 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
