
Manvendra Singh
बीकानेर. शिव विधानसभा क्षेत्र के विधायक व भाजपा के पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र मानवेन्द्र सिंह के कांग्रेस का हाथ थामने के बाद यहां राजपूत सहित अन्य समाज में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि इस संबंध में अभी तक समाज के लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिल रही है। कुछ लोग इसे मानवेन्द्र सिंह की व्यक्तिगत सोच को बताने में जुटे हैं, वहीं कुछ भाजपा की ओर से समाज की अनदेखी करने का आरोप लगा रहे हैं।
मानवेन्द्र सिंह के भाजपा से कांग्रेस में जाने का क्या असर होगा यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, लेकिन राजपूत समाज और शहर के पाटों पर लोगों की जुबां पर यह मसला फिलहाल जोर पकड़ रहा है। ज्ञात हो कि मानवेन्द्र सिंह पिछले कुछ समय से स्वाभिमान रैली भी निकाल रहे थे। उन्होंने बीकानेर में भी कुछ दिन पहले सर्वसमाज की बैठक को सम्बोधित कर आगामी दिनों में नया फैसला लेने के संकेत दिए थे।
समाज के लोगों की प्रतिक्रिया
स्थानीय कुंदन ङ्क्षसह शेखावत ने बताया पिछले काफी वर्षो से भाजपा राजपूत समाज की उपेक्षा कर रही थी। यही कारण रहा कि मानवेन्द्र सिंह को कांग्रेस पार्टी के साथ होना पड़ा। इसका असर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।
उधर दिलीप सिंह ने इस बदलाव को व्यक्तिगत सोच बताया। उन्होंने बताया कि राजपूत समाज पहले भी भाजपा के साथ था और आगे भी रहेगा। इस बदलाव का असर वोट बैंक पर नहीं देखने को मिलेगा।
यह बोले नेता
कांग्रेस के पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला से इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मानवेन्द्र सिंह के आने से कांग्रेस के जनाधार में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा से असंतुष्ट जनप्रतिनिधियों का झुकाव अब कांग्रेस की ओर हो रहा है। इसका एक कारण यह भी है कि अब भाजपा के प्रति आम लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
उधर भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य ने बताया कि राजपूत समाज भाजपा के साथ है। आचार्य इस बदलाव को व्यक्तिगत सोच बता रहे हैं। आचार्य ने बताया कि केन्द्र व राज्य में राजपूत समाज को पूरा मान-सम्मान मिला है और निरन्तर मिल रहा है।
Updated on:
18 Oct 2018 08:47 am
Published on:
18 Oct 2018 08:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
