
Murder case in Bikaner
बीकानेर. नत्थूसर बास में गुरुवार को एक मकान में महिला का शव मिला, जिसके सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था। गुरुवार सुबह घर से बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला तो उन्हें कमरे में खून से लथपथ महिला का शव मिला। सूचना पर नयाशहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की एफएसएल जांच और वीडियोग्राफी करवाई।
नयाशहर थानाधिकारी बहादुर ङ्क्षसह ने बताया कि मृतका का नाम सरोज सोनी (३५) है। उन्होंने बताया कि महिला के साथ उसका प्रेमी श्रीगोपाल सोनी लम्बे समय से रह रहा था, जो मौके से फरार है। पुलिस ने प्रथमदृष्टया महिला के प्रेमी श्रीगोपाल सोनी पर हत्या का अंदेशा जताते हुए जांच शुरू की है। सरोज के शव को पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। पुलिस ने प्रेमी की तलाश के लिए एक टीम का गठन किया है। देर रात तक उसका सुराग नहीं लग पाया।
पहले भी हत्या का आरोप लगा
पुलिस के अनुसार श्रीगोपाल पर उसकी पहली पत्नी के प्रेमी की हत्या करने का आरोप भी लगा था। लम्बे समय तक इस संबंध में न्यायालय में मुकदमा चला था। आरोपित प्रेमी की जेल से वापसी कुछ माह पूर्व ही हुई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रेमी-प्रेमिका के बीच लम्बे समय से तनातनी थी। इस संबंध में दोनों ने नयाशहर थाने में परिवाद दर्ज
करवाए थे। पुलिस ने बताया कि मृतका की मौत की सूचना उसके पिता को दी गई, लेकिन देर रात तक इस संबंध में किसी पक्ष ने मामला दर्ज नहीं करवाया।
लिव इन रिलेशनशिप
थानाधिकारी सिंह ने बताया कि सरोज अपने पहले पति को छोड़कर श्रीगोपाल सोनी के साथ यहां नत्थूसर बास में रहती थी। श्रीगोपाल को भी उसकी पत्नी ने छोड़ रखा है। श्रीगोपाल की पहली पत्नी ने उसके खिलाफ महिला थाने में भरण-पोषण का मामला दर्ज करवाया हुआ है। बताया जाता है कि दोनों ने तलाक होने तक लिव इन रिलेशनशिप में रहने का निर्णय किया था।
रातभर रोते रहे बच्चे
महिला की मौत के समय कमरे में चार बच्चे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार संभावना है कि आपसी झगड़े के बीच कमरे में सो रहे बच्चे जाग गए। घटना के बाद आरोपित तो भाग गया, लेकिन बच्चे रोते-बिलखते रहे। बताया जाता है कि श्रीगोपाल के पास आने से पहले महिला के एक बच्चा था। बाद में उसके तीन संतान और हुई।
छोड़ गई थी
आपसी कलह के कारण मृतका अपने प्रेमी को दस दिन के लिए छोड़कर चली गई थी। हालांकि समझाइश के बाद वह लौट आई। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों में एक-दूसरे के चरित्र को लेकर भी कई बार झगड़े हुए थे। घटनास्थल पर एसआई भजन लाल भी मय जाब्ते के मौजूद रहे।
Published on:
22 Jun 2018 09:10 am
