
बीकानेर से चलेगी जयपुर के लिए नॉन स्टॉप सामान्य बस
बीकानेर. बीकानेर से जयपुर के बीच एक नॉन स्टॉप बस चलाई जाएगी, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। यह बस सुबह के समय में चलेगी। शुक्रवार को बीकानेर आगार का निरीक्षण करने आए रोडवेज के संभागीय प्रबंधक खेमसिंह चौधरी ने इसके संकेत दिए। चौधरी ने 'राजस्थान पत्रिकाÓ से बातचीत में कहा कि बीकानेर से जयपुर के लिए सुबह जल्दी एक सामान्य बस का प्रस्ताव बनाकर एमडी को दिया जाएगा। उम्मीद है कि अगले माह तक योजना की क्रियान्विति हो जाएगी। यह लोक परिवहन की बसों से भी एक घंटे पहले पहुंचे, इसके प्रयास किए जाएंगे।
यह जताई आवश्यकता
संभागीय प्रबंधक ने माना कि केन्द्रीय बस स्टैण्ड पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की दरकार है। खासकर साफ-सफाई, यात्रियों के बैठने की माकूल व्यवस्था, शुद्ध पेयजल मुहैया कराना, सुलभ सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि हर माह बस स्टैण्डों का निरीक्षण किया जाएगा।
बजट की कमी
चौधरी ने कहा कि रोडवेज के पास फंड, स्टाफ व चालकों की कमी है। अनुबंधित बसें टेण्डर के आधार पर ही ली जाती हैं। सरकार से मदद मिलेगी तो नई बसें लेंगे। इसके लिए नौ सौ नई बसें खरीदने के लिए प्रस्तावत भेजे जा रहे हैं।
किया निरीक्षण
इससे पहले चौधरी ने शुक्रवार को केन्द्रीय बस स्टैण्ड पर सुविधाओं का जायजा लिया। यात्रीभार की स्थिति को लेकर चिन्ता जताई। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से यात्रीभार बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया। बस स्टैण्ड परिसर में वर्कशॉप का निरीक्षण भी किया।
निजी बसें हैं समस्या
चौधरी ने कहा, 'इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि रोडवेज की आय में सबसे बड़ी बाधा निजी बसें और अवैध वाहन हैं। इन पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन का सहयोग जरूरी है।उन्होंने कहा कि अच्छी बसें और सुविधाएं होंगी तो ही रोडवेज का यात्रीभार बढ़ेगा। लोक परिवहन व निजी बसों से भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
Updated on:
27 Apr 2019 10:06 am
Published on:
27 Apr 2019 10:06 am
